लखीमपुर-खीरी: घर से बाहर निकली महिला का गला दबाकर चेन लूट ले गए बदमाश, गांव में दहशत
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना खीरी की पुलिस चौकी ओयल क्षेत्र के गांव चिमनी में गुरुवार की रात घर से बाहर निकली महिला को बदमाश ने दबोच लिया। उसका गला दबाते हुए गले में पड़ी एक तोले की चेन लूट ली और भाग निकला। घटना के बाद गांव में दहशत व्याप्त हो गई है।
गांव चिमनी निवासी रामनाथ प्रजापति ने बताया कि गुरुवार की रात करीब एक बजे उनकी पत्नी ममता लघुशंका करने के लिए उठी और वह जैसे ही घर के बाहर निकली। पहले से ही घात लगाए बैठे बदमाश ने पत्नी को दबोच लिया। गला दबाते हुए एक तोले की सोने की चेन तोड़कर भाग निकला।
पत्नी के शोर शराबा करने पर परिवार वाले और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। पीड़ित महिला के पति ने ओयल चौकी पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: स्ट्रीट लाइट में लगे बॉक्स की चपेट में आया बच्चा, करंट लगने से मौके पर तोड़ा दम
