बदायूं: कम बच्चों वाले स्कूल में होगा शिक्षकों का समायोजन, डाटा 25 मार्च तक पोर्टल पर किया जाएगा अपलोड
DEMO IMAGE
बदायूं, अमृत विचार: कई सालों के बाद बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा। शिक्षकों का स्कूलों में समायोजन 30 सितंबर 2023 की छात्र संख्या के आधार पर किया जाएगा। इस वर्ष मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों के एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में स्थानांतरण किए जाएंगे। शिक्षकों का डाटा 25 मार्च तक पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। जिसके आदेश महानिदेशक शिक्षा की ओर से जारी किए गए हैं।
कई बार परिषदीय स्कूलों में जनपद स्तर पर शिक्षकों के समायोजन को लेकर प्रक्रिया शुरू की गई। परंतु हर बार किसी न किसी कारणों से इस पर रोक लगा दी गई। परंतु बेसिक शिक्षा विभाग में जिले के भीतर समायोजन की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सका। इस कारण विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के अनुपात में शिक्षकों का बेतरतीब आवंटन की शिकायत होती रहती है। जिले के 2155 स्कूलों में से करीब तीन सौ से अधिक या तो एकल हैं या बंद की स्थिति में पहुंच गए हैं।
शिक्षकों के गैर जनपद स्थानांतरण तथा उनके सेवानिवृत्ति के पश्चात विभिन्न विद्यालय या तो अन्य शिक्षकों को संबद्ध करके या केवल शिक्षामित्र के सहारे संचालित हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में जिले के भीतर समायोजन होने से जहां बंद और एकल स्कूलों में नए शिक्षक मिल सकेंगे वहीं छात्र-छात्राओं के अनुपात में शिक्षक मिलने से बच्चों को गुणवत्ता पर शिक्षा भी मिल सकेगी।
शहर के नजदीक स्कूलों में शिक्षकों की भरमार
शहर के आसपास के विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुपात में बहुत अधिक शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं दूरदराज के गांवों में छात्र-छात्राओं की संख्या तो अधिक है, लेकिन शिक्षक नाममात्र के हैं। इसी व्यवस्था को सही करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से समायोजन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जनपद में बहुत से ऐसे शिक्षक हैं जो अपने घरों से 50 से 60 किमी की दूरी पर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को भी समायोजन की प्रक्रिया से लाभ होगा।
मानव संपदा पोर्टल पर होगी समायोजन प्रक्रिया
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए सत्र की तैयारी के क्रम में यह समायोजन प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। सचिव ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वह समायोजन से पूर्व मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों के सारे विवरण को शुद्ध करा लें जिससे कि मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से समायोजन प्रक्रिया पूरी हो सके और जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे लगभग 2 लाख बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
जनपद के अंदर शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा। जिसके निर्देश प्राप्त हुए हैं। शिक्षकों के समायोजन के लिए मानव संपदा पोर्टल का डाटा अपडेट किया जा रहा है। इसे 25 मार्च तक पूरा किया जाना है। इसके बाद शासन से निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी---स्वाती भारती, बीएसए।
यह भी पढ़ें- बदायूं: उधार के रुपये मांगने पर मजदूर की हत्या करने वाले आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
