बरेली: डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए दस्तक देंगी 32 सौ टीमें, लोगों को करेंगी जागरूक
बरेली, अमृत विचार। डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए जिले में 10 से 20 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 32 सौ टीमें घर-घर दस्तक देकर अभियान चलाकर मच्छरों का लार्वा खोजेंगी और लोगों को जागरूक करेंगी। जिला टास्क फोर्स की बैठक में सीडीओ जग प्रवेश ने सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार दस्तक अभियान में पांच दिन और बढ़ाए हैं।
नवागत डीएमओ ने संभाला चार्ज
जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) का पद पर लंबे समय से खाली पड़ा था। अब सत्येंद्र सिंह ने कार्य भार संभाल लिया है। डीएमओ ने बताया कि इस वर्ष टीमें लार्वा खोजी अभियान के दौरान ही आभा आईडी भी बनाएंगी। मलेरिया के मरीज समेत निरोधात्मक कार्रवाई का पूरा विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। टीमें की रिपोर्ट संबंधित ब्लॉक के बीसीपीएम से रोजाना ली जाएगी। जनवरी से अब तक जिले में 15 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है, इनमें सबसे अधिक छह मीरगंज ब्लॉक में सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक इस्तेमाल, 1685 उपभोक्ताओं पर डाला 10 लाख जुर्माना
