Kannauj News: औरैया विजिलेंस कांड, प्रेसवार्ता के आरोप में यूटा जिलाध्यक्ष निलंबित, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्राथमिक स्कूल टिड़ियापुर में सहायक अध्यापक पद से हटाकर न्यामतपुर सौरिख किया संबद्ध

कन्नौज, अमृत विचार। ब्लॉक सदर क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल टिड़ियापुर के सहायक अध्यापक/ यूटा जिलाध्यक्ष पंकज सिंह को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। उन पर बिना अनुमति के प्रेसवार्ता करना, औरैया में बीईओ पुष्पेंद्र जैन को साजिश कर विजिलेंस टीम से पकड़वाने समेत कुल 12 आरोप लगे हैं।  

बीएसए उपासना रानी वर्मा ने जारी किए आदेश में कहा है कि पंकज सिंह ने बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वर्ग नियमावली-1973 में निहित प्रावधानों के खिलाफ आचरण किए हैं। यूपी सरकारी सेवक शिक्षण आचारण नियमावली-1999 का उल्लंघन, विभागीय निर्देशो की अवहेलना, पदीय कर्तव्यों व दायित्वों का सही से निर्वहन न करने का आरोप लगाया है। 

सक्षम अधिकारी की बिना अनुमित के जिला मुख्यालय छोड़कर औरैया जाना, कार्य क्षेत्र की परिधि से बाहर जाकर औरैया में बीईओ बिधूना पुष्पेंद्र जैन को झूठे आरोप लगाकर विजिलेंस टीम से पकड़वाने की साजिश में शामिल होना। 

परिषदीय शिक्षकों की गरिमा धूमिल करने, विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति द्वेष भावना रखना, अनैतिक आचरण करते हुए विभाग की छवि धूमिल करना, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का उल्लंघन करना, बिना अनुमति के प्रेसवार्ता कर विभागीय छवि को धूमिल करना व तथाकथित अमान्य संगठन का जिलाध्यक्ष बताकर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों पर दबाब बनाने का आरोप है। 

निलंबन आदेश में पंकज सिंह को ब्लॉक सौरिख क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल न्यामतपुर से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही जांच अधिकारी बीईओ सौरिख व तालग्राम समेत तीन अधिकारियों को दी गई है। दूसरी ओर इस मामले में जब यूटा जिलाध्यक्ष पंकज भदौरिया का पक्ष लेने के लिए मोबाइल पर संपर्क किया गया तो बात नहीं हो सकी। 

यह भी हैं आरोप, डीजी स्कूल शिक्षा ने तलब की आख्या

निलंबन पत्र में वर्ष 2014 में सरकारी धन का गबन करने, 2019 में विद्यालय का वातावरण दूषित व विभाग की छवि धूमिल करने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है। इसी वजह से उस दौरान निलंबन किया गया था। दो वेतन वृद्धि रोकते हुए सशर्त बहाल करने व इन कृत्यों की पुनरावृत्ति होने पर सेवा समाप्त करने की चेतावनी भी दी गई थी। 

आरोप यह भी है कि पहली मार्च को बीईओ पुष्पेंद्र जैन को पकड़वाने का भी आरोप है। औरैया के बीएसए ने इसको लेकर कन्नौज बीएसए को पत्र भेजकर कार्रवाई व जांच कराने की मांग की थी। साथ ही महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने भी प्रकरण की आख्या तलब कराने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि विजिलेंस टीम प्रकरण के वीडियो, फोटो आदि भेजे गए थे। 

वरिष्ठ लिपिक को पकड़ने के बाद गर्माया मामला

दरअसल, 29 फरवरी को कन्नौज बीएसए कार्यालय में तैनात रहे वरिष्ठ लिपिक विमल पांडेय को एंटी करप्शन टीम कानपुर ने रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा था। उस दौरान कुछ लोगों ने वरिष्ठ लिपिक की पिटाई कर दी। 

साथ ही बीएसए कार्यालय में लगे एनवीआर को चुरा लिया। इस प्रकरणों के सीसीटीवी फुटेज वीडियो वायरल हुए थे। इस मामले में शिकायकर्ता शिक्षक अनुराग सिंह, उन्नाव का शिक्षक प्रवीण पाल, औरैया का पंकज कुमार व आगरा का यादवेंद्र भी निलंबित हो चुका है। 

ये भी पढ़ें- UP: पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी ने प्रेमिका का कत्ल कर झाड़ियों में फेंका...जला सिर व हड्डियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें- पूरा मामला

 

संबंधित समाचार