प्रयागराज: शुआट्स प्रोफेसर को पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी, व्हाट्सएप पर आया कॉल
प्रयागराज, अमृत विचार। शुआट्स कॉलेज की प्रोफेसर व एसोसिएट डीन डाॅ. रीतु दुबे को गुरूवार को पाकिस्तान के एक नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी गई। जिसके बाद डरी-सहमी प्रोफेसर ने मामले की शिकायत नैनी कोतवाली और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है।
डाॅ. रीतु प्रकाश दुबे शुआट्स के होम साइंस विभाग में एसोसिएट डीन के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार को उनके मोबाइल पर +92 3080000426 नंबर से एक व्हाट्सएप कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी ओर से व्यक्ति ने खुद को बिहार का इंसपेक्टर बताया। डाॅ. रीतु से उनके बेटे व पति के बारे में पूरी जानकरी जुटाने लगा। इसके बाद जब रीतू दुबे ने बताने से मना किया यह फोन करने वाला व्यक्ति डाॅ. रीतु को धमकी देने लगा कि तुम्हारा बेटा बचेगा नहीं। उन्होंने जब उस नंबर कोड को गूगल पर सर्च किया तो +92 वह नंबर पाकिस्तान का बताया जा रहा था। वह काफी डरी हुयी है। उन्होंने तत्काल इसकी लिखित शिकायत नैनी थाने में और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है। मामले में नैनी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह का कहना है कि जांच कराई जा रही है। नंबर को ट्रेस कर पता लगाया जा रहा है।
