हरदोई में बैंक के अंदर गोली चलने से मची भगदड़, सिक्योरिटी गार्ड घायल
कछौना /हरदोई, अमृत विचार। चूक और लापरवाही के चलते केनरा बैंक शाखा कछौना के अंदर भीड़ के बीच एका-एक गोली चलने से वहां भगदड़ मच गई। सिक्योरिटी गार्ड अपनी ही बंदूक से चली गोली लगने से ज़ख्मी हो गया। गोली चलने की खबर सुनते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची,जिसने गार्ड को सीएचसी पहुँचाया, जहां के डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। एएसपी पूर्वी नृपेन्द्र कुमार का कहना है कि लापरवाही के चलते ऐसा हुआ,सारे मामले की हर एक पहलू से जांच की जा रही है।
बताया गया है कि सण्डीला कोतवाली के तेरिया निवासी सुनील कुमार मिश्रा पुत्र अश्वनी कुमार मिश्रा केनरा बैंक शाखा कछौना में प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड है। सुनील कुमार मिश्रा शुक्रवार को अपनी डीबीबीएल बंदूक के साथ ड्यूटी पर था। बैंक में काफी भीड़ थी,तभी एका-एक उसकी बंदूक से गोली चल गई,जो गार्ड के बांए पैर में जा लगी। ऐसा होते ही वहां भगदड़ मच गई। इसका पता होते ही पुलिस पहुंच गई। उसने आनन-फानन में ज़ख्मी सिक्योरिटी गार्ड को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया गया। एएसपी पूर्वी ने बताया कि लापरवाही और चूक होने से ऐसा हुआ,फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े हर एक पहलू से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें -Video: सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भड़की AAP, लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन-पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता
