सुलतानपुर: डीएड की मान्यता के नाम पर 5.25 लाख हड़पा, पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कादीपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। डीएड (विशेष शिक्षा) की मान्यता दिलाने के नाम पर विद्यालय के प्रबंधक से पांच लाख 25 हजार रुपए के लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामले में नामजद केस दर्ज कर जांच शुरू किया है। 

स्थानीय कोतवाली के दूधनाथ सिंह स्मारक महाविद्यालय अल्देमऊ नूरपुर के प्रबंधक पुष्पेंद्र बहादुर सिंह का आरोप है कि उन्होंने अपने महाविद्यालय में डीएड विशेष शिक्षा (दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने के लिए विशेष कोर्स) की मान्यता के लिए कोतवाली के गोपालपुर नमाजगढ़ के निवासी सतीश कुमार से बातचीत की। 

उन्होंने मुझे डॉ शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय में कार्यरत रजनी चौहान का मोबाइल नंबर दिया और मान्यता के संबंध में उनसे बात करने को कहा। वार्ता के दौरान रजनी चौहान ने कहा कि मान्यता प्राप्त करने के लिए 10 से 12 लाख रुपए लगेंगे। उन्होंने अपना खाता नंबर भी मुझे दिया।

प्रबंधक ने मान्यता प्राप्त करने के लिए उन्हें कई किस्तों में 5 लाख 25 हजार रुपए उनके खाते में भेजा। तहरीर में कहा है कि पैसा देने के बाद भी प्रबंधक बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। मान्यता प्रपत्र की मांग करने पर चौहान ने कोई प्रपत्र नहीं दिया। 

पैसा वापस मांगने पर कहती है कि पाई पाई चुकता कर दूंगी। पैसा वापस करने के लिए मेरा खता संख्या भी मांगी गई। किंतु एक भी पैसा वापस नहीं किया। कई बार पैसा वापस मांगने पर लखनऊ में अकेले आकर पैसा वापस लेने की बात करती हैं।प्रबंधक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रजनी चौहान निवासी दुर्गा कॉलोनी नियर दुर्गा टेंपल फतेहगढ़ फरूखाबाद के विरूद्ध  नामजद केस दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें:-Elvish Yadav: यूट्यूबर एल्विश यादव को मिली बड़ी राहत, कोर्ट ने दी जमानत

 

संबंधित समाचार