लखीमपुर खीरी: दुष्कर्म के बाद मासूम की हत्या के आरोपी पर लगा NSA
08 अक्टूबर 2023 को दिया था घटना को अंजाम
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली तिकुनियां क्षेत्र में करीब पांच महीने पहले स्कूल से लौट रही 13 वर्षीय छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपी पर पुलिस ने एनएसए लगाया है। वर्तमान समय में आरोपी जिला जेल में निरुद्ध है।
थाना सिंगाही क्षेत्र की एक 13 वर्षीय मासूम आठ अक्टूबर 2023 को गांव से कुछ दूरी पर स्थित कोतवाली तिकुनियां क्षेत्र में स्थित एक स्कूल में पढ़ने गई थी। वापस आते समय रास्ते में एक युवक ने उसे दबोच लिया था और गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। जिसका दूसरे दिन शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। पुलिस ने तीसरे दिन आरोपी थाना सिंगाही के गांव बसंतापुर मजरा रमुआपुर निवासी सद्दाम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। तबसे वह जेल में है।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने आरोपी के खिलाफ रासुका (एनएसए) लगाए जाने की अनुमित मांगी थी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि आरोपी सद्दाम सक्षम न्यायालय में जमानत पाने का प्रयास कर रहा था। ऐसे खूंखार अपराधी यदि जमानत पा जाते हैं तो संभावना पुनः ऐसे जघन्य अपराधों में बढ़ जाती है। साथ ही इसका समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में आरोपी सद्दाम को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 के अन्तर्गत निरुद्ध किया गया है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर: नेपाल सीमा पर ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
