बरेली : दुधमुंहे मासूम के साथ SSP कार्यालय पहुंची विवाहिता, ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विवाहिता ने ससुर पर लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप 

बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता आज अपने दुधमुंहे मासूम के साथ दहेज उत्पीड़न शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। जिसने अपने ससुरालीजनों पर धोखाधड़ी पूर्वक शादी करने, दहेज की मांग पूरी न करने पर मारपीट और ससुर पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।

दरअसल, सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की फरवरी 2023 में बारादरी थाना क्षेत्र में जोगी नवादा निवासी एक युवक के साथ निकाह हुआ था। इस दौरान युवक के परिजनों ने किराये के मकान को अपना बताकर युवती के परिजनों को धोखे में रखने का आरोप है। विवाहिता के मुताबिक उसकी शादी में मायका पक्ष ने हैसियत से अधिक दान-दहेज दिया है। लेकिन निकाह के कुछ समय बाद ही उसके ससुराली दहेज में कार और एलसीडी की मांग करने लगे।

विवाहिता का आरोप है कि जब उसने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो उसके साथ घरेलु हिंसा, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। इस बीच पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है इसके बाद से उसका ससुर ही विवाहिता पर गलत नीयत रखने लगा। इतना ही नहीं विवाहिता को अकेला पाकर दबोच लिया, लेकिन पीड़िता के चीखने-चिल्लाने पर परिवार के लोग इकट्ठे हो गए।

वहीं जब उसने अपने ससुर की शिकायत की तो परिवार के सभी सदस्यों समेत मामा ससुर ने भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद पीड़िता ने आज अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है। 

ये भी पढ़ें- बरेली : केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारियों ने SSP से की शिकायत, ठेकेदार पर शोषण का आरोप

संबंधित समाचार