'केजरीवाल इस संकट के बाद और बड़े नेता बनकर उभरेंगे', भगवंत मान ने बीजेपी पर बोला तीखा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली/चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि श्री केजरीवाल को भाजपा की राजनीतिक टीम ईडी ने बिना कोई सबूत के गिरफ्तार कर लिया जो लोकतंत्र की हत्या है। 

अरविंद केजरीवाल के परिवार से मुलाकात के बाद दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि देश में ये स्थिति कई सालों से चली आ रही है। सरकारी एजेंसियों को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर विपक्ष का कोई नेता भाजपा के अत्याचारों के खिलाफ बोलता है तो ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग उनके घर आ जाते हैं। देश के मौजूदा हालात अघोषित आपातकाल जैसे हैं। 

मान ने कहा कि एक व्यक्ति ने दिल्ली में स्वास्थ्य क्रांति ला दी और छोटी दवाओं से लेकर बड़े परीक्षण तक सब कुछ मुफ्त कर दिया उस पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन को उन्होंने जेल में डाल दिया। दिल्ली में स्कूल बनाने वाले, लाखों बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने वाले पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया को भी जेल भेज दिया। राज्यसभा में मोदी जी के खिलाफ बोलने वाले सांसद संजय सिंह को जेल के अंदर कर दिया। अब उन्होंने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। 

उन्होंने कहा कि राज्यपाल के जरिए गैर-भाजपा सरकारों को परेशान किया जाता है। उन्होने कहा कि वह भी इसका भुक्तभोगी हैं। केरल के मुख्यमंत्री अभी जंतर-मंतर आये। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री अपने राज्यपाल से तंग आ चुके हैं। उनके राज्यपाल विधानसभा में सरकार का भाषण तक नहीं पढ़ते। हर दिन ममता दीदी को परेशान किया जा रहा है और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया।

अरविंद केजरीवाल जब भी दिल्ली में कोई काम करते हैं तो एलजी उनके और उनकी सरकार के लिए रुकावटें खड़ी कर देते हैं। चुनी हुई सरकारों को हर बात पर सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ता है। हम विधानसभा सत्र बुलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गए क्योंकि पंजाब के राज्यपाल हमारे बजट सत्र को आयोजित करने की अनुमति नहीं दे रहे थे। हमारे आरडीएफ का 5500 करोड़ गलत तरीके से रोका जा रहा है। कुल 8000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया है। हम कोई भीख नहीं मांग रहें। ये हमारे टैक्स का पैसा है। 

उन्होंने कहा कि अगर कोई टीवी पत्रकार कोई रिपोर्टिंग करता है तो वे उसे पकड़कर ले जाते हैं। सबसे ज्यादा नफरत भरे भाषण भाजपा के लोग देते हैं। हम काम की राजनीति करते हैं, ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं। श्री मान ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक को बंद करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का फंड रोक दिया गया है।

उन्होने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक देशभक्त व्यक्ति हैं। अगर उन्हें सिर्फ पैसा कमाना होता तो बहुत कमा लेते क्योंकि वह एक आईआरएस अधिकारी थे और उनकी पत्नी भी एक आईआरएस थी। मैं अभी उनके परिवार से मिलकर वापस आ रहा हूं। उनके बच्चों की परीक्षा है लेकिन वे उन्हें किसी भी चीज के लिए बाहर नहीं जाने दे रहे हैं। वे उनके रिश्तेदारों को भी अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। इस मामले में बच्चों का क्या दोष है? 

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी बन गयी है। दस साल में हमारी दो राज्यों में सरकार है। हमारे पास राज्यसभा के 10 सदस्य हैं। हमारा एक सदस्य लोकसभा में है। गुजरात में हमारे पांच और गोवा में दो विधायक हैं। चंडीगढ़ के मेयर भी हमारे हैं। आप सभी जानते होंगे कि चंडीगढ़ का मेयर कैसे चुना गया था। बीजेपी एजेंट द्वारा अवैध घोषित किए गए 8 वोट सुप्रीम कोर्ट में वैध गिने गए। न्यायपालिका के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी मेयर के नाम की घोषणा सुप्रीम कोर्ट ने की हो। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चट्टान की तरह केजरीवाल के साथ खड़ी है। आप श्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन उनके विचारों को नहीं रोक सकते। उन्होंने कहा कि हमारा कानूनी फैसला निचली अदालत में जाने का है और अब अदालत ही सब कुछ तय करेगा। श्री मान ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी बहुत मजबूत है। इस संकट के बाद अरविंद केजरीवाल और भी बड़े नेता बनकर उभरेंगे। 

ये भी पढ़ें- ईडी ने केजरीवाल को निचली अदालत में किया पेश, रिमांड पर फैसला सुरक्षित

संबंधित समाचार