Holi 2024: होली को लेकर पिचकारी और रंगों से सजी दुकानें...बढ़ी रौनकें, होलिका दहन के लिये फोरलेन पर लगी लकड़ी मंडी
उन्नाव में होली को लेकर पिचकारी और रंगों से सजी दुकानें
उन्नाव, अमृत विचार। होली के त्योहार को देखते हुये नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में पिचकारी और रंगों की जगह-जगह दुकानें सज गई हैं। जिससे बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। वहीं महंगाई को देखते हुये लोग घरों से कम निकल रहे हैं। जिससे दुकानदार खासे परेशान हैं।
त्योहार में कई दिन पहले से ही नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानें सज गई थी। बच्चों के लिये बाजार में वॉटर गन बड़ी पिचकारी के दाम डेढ़ हजार रुपये हैं, डबल प्रेशर, लाइटिंग म्यूजिक, वॉटर गन शूटिंग, डोरेमान, फाइव स्टार, ब्लास्ट पॉवर आदि नाम से पिचकारियां बाजार में बिकने लगी हैं। जिनकी कीमतें बीस रुपये से लेकर डेढ़ हजार तक हैं।
इसके साथ ही भूत, बिल्ली, खरगोश, जोकर, शेर, कुत्ता, बिल्ली, स्पाइडर मैन, माइटी राजू, डोरेमैन, छोटा भीम, टॉम एंड जैरी, व बाल वाली टोपियां भी आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं। वहीं दुकानदारों का कहना है कि माल बहुत स्टॉक कर लिया है लेकिन महंगाई के कारण लोग त्योहार का सामान कम खरीद रहे हैं।
.jpg)
जिससे अनुमान है कि एक दिन पहले बाजार में रौनक आयेगी। वहीं होली पर्व को लेकर बाजारों में नीला, पीला, हरा, गुलाबी रंग की दुकानें लगी रहीं लेकिन बहुत से लोग केमिकल युक्त रंगों से परहेज करते भी दिखे। जिनका मानना रहा कि इन रंगों से त्वचा सम्बंधित एलर्जी होने की सम्भावानाएं हो सकती है।
फोरलेन पर लगी लकड़ी मंडी
गंगाघाट क्षेत्र में नगर व ग्रामीण इलाकों लगभग ढाई सौ स्थानों पर होलिका दहन होगा। जिसको लेकर ग्रामीण क्षेत्र के देवारा कलां, संभर खेड़ा, पिपरी, सन्नी, शंकरपुर, हाजीपुर, अतरी, पिंडोखा, बेहटा, देवारा खुर्द, मुस्तफापुर आदि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग ट्रैक्टर में लकड़ियां लाद कर राजधानी मार्ग स्थित आखिर पेट्रोल टंकी के पास पहुंचे।
जहां शुक्रवार व शनिवार को ढेर लगा कर लोगों ने लकड़ी मंडी लगाई। नगर के प्रमुख स्थानों पर लगने वाली होलिका के लिये लोग पंद्रह सौ से दो हजार रुपये ढेर लकड़ी खरीद रहें। वहीं होलिका सजाने के लिये लोगों में होड़ मची हुई है। रात के समय गली, मोहल्लों में युवक टोलियां बनाकर चंदा मांगकर होलिका सजाने में लगे हुये हैं।
ये भी पढ़ें- Hamirpur: युवक ने झोंका फायर...अधेड़ के हाथ में लगी गोली, हालत गंभीर, उधारी के पैसे मांगने पर हुआ विवाद
