पुलिस ने Hardoi police club से पिस्टल चोरी करने वाले फरार कांस्टेबिल को दबोचा
हरदोई, अमृत विचार। पुलिस क्लब के बैरक में रखे बक्से का ताला तोड़ कर उसमें रखी सरकारी पिस्टल और उसके 10 कारतूस चोरी करने के बाद भागा-भागा घूम रहा कांस्टेबिल आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कोतवाली शहर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके किराए के मकान से चोरी की पिस्टल,10 कारतूस और होलिस्टर बरामद कर लिया है।
बताते चलें कि यूपी-112 में तैनात एसआई जोगेंद्र सिंह ने 9 मार्च को कोतवाली शहर में दी तहरीर में कहा था कि वह पुलिस क्लब के बैरक में रहता था। 5 मार्च को वह तीन दिन की सीएल पर चला गया,उसने अपनी पिस्टल (9एमएम) वहीं बक्से में रख कर उसमें ताला लगा दिया। लेकिन जब वापस लौटा तो उसके बक्से का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी पिस्टल व कारतूस गायब थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जो छानबीन शुरु की,उसमें पिस्टल चोरी करने में यूपी-112 पीआरवी 2714 में तैनात कांस्टेबिल राहुल गौतम का शामिल होना पाया गया,उसी बिना पर पुलिस ने कांस्टेबिल राहुल गौतम की तलाश की तो पता चला कि वह कहीं फरार है।
कोतवाली शहर पुलिस ने कांस्टेबिल राहुल गौतम को पूछताछ के लिए तलब किया,पूछताछ में कांस्टेबिल राहुल ने कुबूला कि उसी ने पिस्टल चोरी की। जिस पर पुलिस ने सिविल लाइन में उसके किराए के मकान से बेड के कार्नर वाली रैक से चोरी की गई पिस्टल और साथ में 10 कारतूस व होलिस्टर भी बरामद किया है। पुलिस ने कांस्टेबिल राहुल गौतम निवासी कच्ची मढैया बहजोई देहात सम्भल को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
एसआई को पहले ही कर दिया गया था निलंबित
एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने सरकारी पिस्टल के रख-रखाव में लापरवाही बरतने वाले एसआई जोगेंद्र सिंह को पहले ही निलंबित कर दिया था। एसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें चोरी गई पिस्टल और उसे चोरी करने वाले को तलाशती घूम रहीं थी।
राहुल ने लगाया था वसूली करने का आरोप
पिस्टल चोरी करने के मामले में पकड़े गए कांस्टेबिल राहुल गौतम ने महकमें पर वसूली करने का आरोप लगाते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। कुछ लोगों का कहना है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि आरोप लगा कर महकमें की जग हंसाई कराने वाले कांस्टेबिल को सबक सिखाया गया। इसके अलावा और भी तमाम तरह की बातें हो रहीं है।
ये भी पढ़ें -बलरामपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला पंचायत सहायक का शव, जांच में जुटी पुलिस
