Holi 2024: बाराबंकी में 2860 स्थलों पर होलिका दहन आज, कल होगा रंगोत्सव
जिले भर में निकाले जाएंगे 44 बड़े जुलूस, पुलिस की रहेगी पैनी नजर
बाराबंकी, अमृत विचार। रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे, होली के दिन दिल मिल जाते हैं रंगों में रंग खिल जाते हैं, होली रे होली रंगों की होली आदि डीजे रीमिक्स गानें इस समय जगह-जगह सुनाई दे रहे हैं। हाेली के पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह से गर्म है। आज रविवार को परंपरा के अनुसार जिले भर में 2860 स्थलों पर होलिका दहन होगा। इसे लेकर चौराहें पर लकड़ियां, रड़ का पेड़ व फूस आदि रखकर चूना व गुब्बारों से सजाया गया है।
होली के पर्व की रौनक शहर से लेकर गांव तक रौनक है। जिले में करीब 2860 जगहों पर आज होलिका दहन होगा। जबकि 25 मार्च को होली के दिन रंगों की बौछार के बीच जिले में करीब 44 परंपरागत बड़े जुलूस निकाले जाएंगे। रमजान का माह भी चल रहा है। इसलिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी। हुड़दंग मचाने वालों पर सी प्लान एप के माध्यम से तुुरंत कार्रवाई की जाएगी। होली को लेकर जिले को 24 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी पीआरवी वाहनों को भ्रमणशील रहेंगे। जिले में एक कंपनी पीएसी भी तैनात की गई है। वहीं तहसील क्षेत्रों में करीब 44 बड़े जुलूसों के समय पुलिस बल मौजूद रहेगा। आज होलिका दहन को लेकर चिन्हित चौराहों को भव्यता दी गई है।
ज्योतिषाचार्य पं. अखिलेश चंद्र शास्त्री के अनुसार पूर्णिमा 24 मार्च को सुबह 9:54 बजे से शुरु होगी, जो 25 मार्च दोपहर 12:29 बजे तक रहेगी। भद्रा का योग रात 10:28 बजे तक रहेगा। पूर्णिमा में ही होलिका में अग्नि दी जाती है। इसलिए 24 मार्च की रात्रि में 11:13 बजे से 12:32 बजे तक के अंतराल में होलिका दहन करना फलदायी होगा। वहीं इसके अगले दिन जिले भर में रंगोत्सव का पर्व होली मनाई जाएगी। लोग गले मिलकर एक दूसरे को बधाई देंगे। दोपहर बाद नए कपड़ें पहनकर अपने ईष्ट मित्रों के घर जाकर होली मिलेंगे और पकवान व मिष्ठान खाएंगे।
वहीं शहर के नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन होगा। जिले के प्रसिद्ध देवा मजार पर होली का पर्व एक अलग संदेश देगा। बिना हेलमेट व तीन सवारी पर भी पुलिस की नजर रहेगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। शराब की दुकानें भी दो दिन बंद रहेंगी।
ये भी पढ़ें -CM हिमंत विश्व शर्मा ने कहा- केजरीवाल ने समन का जवाब न देकर ईडी को गिरफ्तारी के लिए आमंत्रित किया
