सुलतानपुर: डीएम ने सुनी मां की फरियाद!, जिलाधिकारी के आदेश पर कब्र से बेटे का निकलवाया गया शव, अब होगा यह काम...
धनपतगंज, सुलतानपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी के आदेश पर दफनाई गई लाश कब्र से निकाली गयी। मृतक की मां ने जताई है बेटे की संदिग्ध मौत की आशंका। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया।
मामला थाना क्षेत्र धनपतगंज के पूरे हेम सिंह पुरवा का है। गांव निवासी मृतक विनोद फरीदाबाद में नौकरी करता था। जहां उसकी पत्नी पिंकी भी साथ रह रही थी। 13 मार्च को विनोद की मौत हो गयी तो पत्नी पिंकी पति के शव को एम्बुलेंस से अपने गांव हेम सिंह पुरवा लेकर पंहुची और विनोद की मृत्यु को स्वाभाविक बताते हुये दफना दिया गया। लेकिन इसी दौरान मृतक विनोद की मां की नजर बेटे के शव पर पडी और शरीर पर चोट के पड़े निशान से कुछ शंका हुई, तो उसने जिला अधिकारी सुलतानपुर को शिकायती पत्र देकर बेटे के स्वाभाविक मृत्यु पर सवाल खड़ा करते हुये संदिग्ध मौत की आशंका जताई और लाश का पोस्टमार्टम कराये जाने की मांग की।
जिला अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मां की शिकायत को गंभीरता से लेते हुये लाश को कब्र से निकलवा कर शव का पोस्टमार्टम कराये जाने का बल्दीराय एसडीएम विदुषी सिंह को आदेश दिया। स्थानीय पुलिस की कडी सुरक्षा के बीच शव को कब्र से निकाल रविवार पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।
सुलतानपुर: DM के आदेश पर कब्र से निकलवा कर शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम
— Amrit Vichar (@AmritVichar) March 24, 2024
मामला थाना क्षेत्र धनपतगंज के पूरे हेम सिंह पुरवा का है, मां ने बेटे की मौत को बताया संदिग्ध, DM से की थी पोस्टमार्टम कराने की फरियाद#UttarPradesh pic.twitter.com/hi5eYlNLEh
