बरेली: 24 घंटे में दूसरी बार ट्रेन की चपेट में आए गोवंशीय पशु, मौत
DEMO IMAGE
फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार: 24 घंटे में ट्रेन की चपेट में आने से दूसरी बार गोवंशीय पशुओं की कटकर मौत हो गई । इंजन में पशुओं के अवशेष फंसने की वजह से राजरानी एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक बिलपुर स्टेशन पर खड़ी रही ।
ट्रेन के चालक ने इंजन से गोवंशीय पशुओं के अवशेष निकाले इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया । रविवार शाम करीब पांच बजे राजरानी एक्सप्रेस अप लाइन से गुजर रही थी जब ट्रेन विलपुर रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल से गुजरी तो गोवंशीय पशुओं का झुंड ट्रेन के सामने आ गया, जिससे दो गोवंशीय पशुओं की कटकर मौत हो गई।
पशुओं के टकराने से तीव्र गति से दौड़ रही राजरानी एक्सप्रेस को कई झटके लगे और वह बेपटरी होते होते बच गई। ट्रेन के इंजन में गोवंशीय पशुओं के अवशेष फंस गए जिससे राजरानी एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक बिलपुर स्टेशन पर खड़ी रही । ट्रेन के चालक ने बिलपुर स्टेशन मास्टर को सूचना दी तो अप दिशा से गुजरने वाली पीछे आ रही ट्रेनों को कटरा समेत पीछे स्टेशनों पर रोका गया।
शनिवार की शाम को भी इसी स्थान पर जनसाधारण एक्सप्रेस की चपेट में आने से सात गोवंशीय पशुओं की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी । गोवंशीय पशुओं की ट्रेन से कटने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोवंशीय पशुओं के अवशेष को इकट्ठा कर दफना दिया।
यह भी पढ़ें- बरेली: फर्जी तरीके से बनवा लिए मेडिकल स्टोर के दो लाइसेंस, फार्मासिस्ट पर FIR
