Etawah: खाना बनाते समय लगी आग, दो घरों में मचा हाहाकार, गृहस्थी का कीमती सामान पूरी तरह जलकर हुआ खाक
दो परिवार के 11 लोगों ने घरों से भागकर बचाई जान
इटावा, अमृत विचार। भरथना थाना क्षेत्र में गांव कोठी ऊमरसेड़ा में मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे उस समय हाहाकार मच गया जब घर में चूल्हे पर बनाए जा रहे खाना के दौरान आग की लपट ऊपर रखे छप्पर में जा लगी। जिसकी जद में दूसरा घर आ गया, दोनों घरों के 11 लोगों ने भागकर जान बचाई। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग पर जबतक काबू पाया तब तक छप्पर में रखा गृहस्थी का कीमती सामान जल कर नष्ट हो गया।
अग्नि पीड़ित सोनू ने बताया की खाना बनाते समय चूल्हे से उठी आग की लौ से ऊपर रखे छप्पर में आग लगने से सटे रखे अन्य छप्पर भी जलने लगे। भीषण आग के बीच परिवार के सदस्य पिता मोहम्मद सलीम, पत्नी रोशनी ,बेटी तान्या, मंतसा, बेटा मोहम्मद अजहर, मोहम्मद अजमल घिर गए, जिस पर सभी ने घरों से भाग कर अपनी जान बचाई। आग में घर गृहस्थी का सारा सामान जल कर नष्ट हो गया।
पड़ोसी अग्नि पीड़ित वीर मोहम्मद ने बताया की पड़ोस के छप्पर की आग ने उसके छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया, पत्नी मरियम बेगम ,बेटा आरिफ, सैफ अली, फैज अली ने घर भागकर जान बचाई। गृहस्थी का सारा समान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से किसी तरह आग पर काबू पाया तब तक दोनो घरों का काफी सामान जलकर राख हो गया। राजस्व विभाग की टीम ने निरीक्षण कर अग्निपीड़ितों को सरकारी आर्थिक मदद दिलाने की कहकर सांत्वना दी।
