Auraiya: शौच करने गई सात वर्षीय मासूम से दरिंदगी; टॉफी का लालच देकर दरिंदे ने बनाया शिकार, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
औरैया, अमृत विचार। घर से कुछ ही दूरी पर शौच करने के लिए गई नाबालिग को पास में ही ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर ने टॉफी का लालच दिया फिर उसको बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों ने दुष्कर्म करते युवक को देख लिया। मौके पर पहुंचकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की सात वर्षीय नाबालिग बच्ची मंगलवार को घर से दो सौ मीटर की दूरी पर शौच करने के लिए गई थी तभी नाबालिग को पास में ही ईंट भट्ठे पर काम करने वाले 26 वर्षीय जिला हमीरपुर निवासी मजदूर उसे टॉफी का लालच देकर उसको बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों ने दुष्कर्म करते युवक को देख लिया। तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को पकड़कर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली ले आई। जहां युवक से पूछताछ की गई।
सीओ एम.पी. सिंह ने बताया कि सात वर्षीय बच्ची घर के पास शौच करने गई थी। पास के ही भट्ठे पर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। परिजनों ने उसे यह घटना करते देख लिया और युवक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके से एक शराब से भरी शीशी और एक खाली शीशी एवं टॉफी मौके से मिली। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
