प्रतापगढ़: गाने की आवाज कम करने की बात पर महिला की पीटकर हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल
देवर, देवरानी और भतीजे की खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
लालगंज, प्रतापगढ़, अमृत विचार। होली पर साउंड में बज रहे गाने की आवाज कम करने की बात पर युवक ने माता - पिता के साथ अपनी बड़ी मां को जमकर मारा पीटा। जिससे महिला की मौत हो गई जबकि बड़े पिता घायल हैं। पुलिस ने हत्या का केस दर्जकर आरोपी युवक के माता पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला की मौत से उसके दो मासूम बच्चे रो - रो कर बेहाल हैं।
लीलापुर थाना के गोविन्दापुर गांव में होली के दिन शाम करीब पांच बजे दीपक उर्फ शेरा पुत्र कैलाश साउंड बॉक्स में गाना बजा रहा था। उसके बड़े पिता लक्ष्मीकांत की पत्नी 40 वर्षीय कलावती ने गाना धीमा बजाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हो गया। आरोप है कि दीपक,उसके पिता शिव कैलाश व मां संगीता लाठी डंडे से कलावती को पीटने लगे। बीच बचाव करने आये लक्ष्मीकांत को पीट कर घायल कर दिया। कलावती घायल होकर गिर पड़ी। दम्पत्ति के घायल होने पर आरोपी भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को लालगंज ट्रामा सेंटर ले आयी। जहां कलावती को मृत घोषित कर दिया। मां की मौत से आठ वर्षीय बेटा आयुष व छह वर्षीय शिवम रो रो कर बेहाल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लक्ष्मीकांत की तहरीर पर पुलिस ने शिव कैलाश, उसकी पत्नी संगीता और बेटे दीपक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने दबिश देकर शिव कैलाश व उसकी पत्नी संगीता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एएसपी पश्चिमी संजय राय ने बताया कि आरोपी दम्पत्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, उसके बेटे दीपक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढे़ं: संवेदनशील स्थानों पर असामाजिक काम करने वालों की तैनाती उचित नहीं: हाईकोर्ट
