बिजनौर : इलाज के लिए ऋषिकेश जा रहे चार लोगों की मौत, ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
बिजनौर, अमृत विचार। इलाज के लिए ऋषिकेश जा रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। ये हादसा सुबह पांच बजे के करीब हुआ। कार सवार लोग अमरोहा से ऋषिकेश दवाई लेने जा रहे थे। तभी उनकी कार बिजनौर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। मरने वालों में एक सिपाही भी है, जो रामपुर में तैनात था।बताया जा रहा है कि ड्राइविंग के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक करीब 100 KM से ज्यादा की रफ्तार से कार नजीबाबाद थाना इलाके के नेशनल हाइवे 74 के गुनियापुर गांव के पास से गुजर रही थी। तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिता, दो सगे भाई और एक साला शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके के लोगों की भीड़ वहां इकट्ठा हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार से घायलों को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर ही चारों की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक अमरोहा निवासी मेहर सिंह केंसर की बीमारी से पीड़ित थे। काफी समय से उनका इलाज ऋषिकेश अस्पताल में चल रहा था। रामपुर में सिपाही के पद पर तैनात प्रवेंद्र, मामा देवेंद्र सिंह और भाई रत्न सिंह के साथ पिता मेहर सिंह को डॉक्टर को दिखाने ऋषिकेश जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए और मौके पर ही चारों की मौत हो गई। फिलहाल चारों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: पुरानी रंजिश के चलते शख्स की हत्या, परिवार में मचा कोहराम
