Kanpur: BJP प्रत्याशी रमेश अवस्थी के स्वागत में भाजपा ने दिखाई ताकत...रोड शो से पचौरी और महाना गुट दिखे नदारद
कानपुर में रमेश अवस्थी के स्वागत में भाजपा ने दिखाई ताकत
कानपुर, अमृत विचार। भाजपा की कानपुर संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाये गये रमेश अवस्थी का बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। वह दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचे। इस दौरान भाजपा ने रोड शो कर विरोधियों को ताकत दिखाई, हालांकि इस रोड शो से पचौरी और महाना समेत उनके समर्थक नदारद रहे। जिससे शहर में चर्चा शुरू हो गई है।
भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी का रोड शो घंटाघर से गणेश मंदिर पहुंचा जहां दर्शन के बाद मुरे कंपनी पुल की तरफ बढ़ा इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। रोड शो के लिये बने प्रचार ट्रक के ऊपर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी सामने ही देखे गये वहीं, यहां सांसद देवेंद्र सिंह भोले, उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडे,एमएलसी सलिल विश्नोई, नीलिमा कटियार पूर्व भाजपा विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया और हाल में ही शामिल हुये अजय कपूर समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।
रमेश अवस्थी के पहले स्वागत कार्यक्रम में पचौरी और महाना गुट दोनों ने ही दूरी बनाकर रखी। स्वागत कार्यक्रम में न तो सांसद सत्यदेव पचौरी पहुंचे और न ही सतीश महाना पहुंचे। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विधायक महेश त्रिवेदी भी यहां नहीं पहुंचे, हालांकि उन्होंने अपने लड़के को भेजा था। महापौर प्रमिला पांडेय शहर में न होने के चलते स्वागत कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकीं।
प्रकाश पाल ने सभी क़ो पहुंचने के दिये थे निर्देश
भाजपा प्रत्याशी के स्वागत में महापौर, मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद के अलावा प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, एवं बूथ तक के कार्यकर्ताओं एवं भाजपा के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा को पहुंचने के निर्देश क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दिए थे।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha 2024: BJP से टिकट मिलने पर पहली बार शहर पहुंचे रमेश अवस्थी...स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं की जुटी भीड़
