बलरामपुर: दो दिन में परीक्षाफल तैयार करने की चुनौती, वार्षिक परीक्षा में दो लाख 35 हजार बच्चे हुए शामिल, जानिए कब से शुरू होगा नया सत्र
बलरामपुर, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में चल रही वार्षिक परीक्षा बुधवार को समाप्त हो गई। वार्षिक परीक्षा में इस बार करीब दो लाख 35 हजार छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। अब दो दिन के अंदर शिक्षकों को कापियों का मूल्यांकन करके परिणाम घोषित करना है। एक अप्रैल से नया सत्र शुरु हो जाएगा।
जिले में 1814 परिषदीय विद्यालय व 11 कस्तूरबा गांधी आवसीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में लगभग दो लाख 35 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बुधवार को वार्षिक परीक्षा समाप्त हो गई। अंतिम दिन कक्षा एक से पांच तक की सभी विषयाें की मौखिक परीक्षा कराई गई।
कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा के पहली पाली में क्राफ्ट, कला, कृषि व गृहशिल्प तथा दूसरी पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा व स्काउटिंग की परीक्षा कराई गई। मार्च माह खत्म होने में चार दिन शेष बचे हैं। इस बीच दो दिन स्कूल बंद है। शिक्षकों को 28 व 30 मार्च को ही कापियों का मूल्यांकन कार्य समाप्त करने की चुनौती है। 31 मार्च को विद्यार्थियों को रिपोर्ट कार्ड दिए जाएंगे। क्योंकि एक अप्रैल से नया शैक्षिक सत्र शुरू हो रहा है।
सूत्रों की माने तो मूल्यांकन कार्य भी परीक्षा के साथ ही चल रहा है। इस बार रिपोर्ट कार्ड के लिए भी शासन द्वारा बजट जारी हो चुका है। साथ ही रिपोर्ट कार्ड का प्रारूप भी जारी किया गया है। बीएसए कल्पना देवी का कहना है कि 27 मार्च को परीक्षा समाप्त हो गई है। निर्देश दिए जा चुके हैं कि 31 मार्च को विद्यार्थियों को रिपोर्ट कार्ड वितरित कर दिया जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: एसबीआई में ग्राहकों के खातों से करोड़ों की हेराफेरी, शाखा प्रबन्धक निलंबित, हटाया गया गार्ड
