बरेली: भूपेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की, बोले- छत्रपाल को हर हाल में जिताएं
बरेली, अमृत विचार: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बुधवार शाम लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और संतोष गंगवार की जगह प्रत्याशी घोषित किए गए छत्रपाल सिंह गंगवार को हर हाल में जिताने का निर्देश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने जवाहर नगर स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की। कहा, भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। मतदाता सूची के साथ सभी कार्यकर्ता तैयारी में जुट जाए।
बैठक में बदायूं सीट से प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य, ब्रज क्षेत्र के प्रभारी व एमएलसी संतोष सिंह, जिला प्रभारी देवेंद्र चौधरी, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश गुप्ता, संयोजक राजकुमार शर्मा, सह संयोजक डॉ. केएम अरोरा, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, बंटी ठाकुर, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।
छोटा पड़ा चुनाव कार्यालय, बाहर बैठे विधायक
प्रदेश अध्यक्ष की बैठक के दौरान चुनाव कार्यालय छोटा पड़ गया। विधायकों को दरवाजे तक कुर्सी लगाकर बैठना पड़ा। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई और कार्यालय का विस्तार करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- बरेली: 32 स्कूलों में विकसित की जाएंगी स्किल लैब, बच्चे बनेंगे होनहार
