बरेली: रामेश्वरम कैफे में बम धमाके मामले में NIA का धौराटांडा में छापा, मौलाना को उठाया...5 घंटे पूछताछ
फाइल फोटो
बरेली/भोजीपुरा, अमृत विचार: बेंगलुरू के रामेश्वरम कैफे में हुए बम धमाके के सिलसिले में नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) की एक टीम ने बुधवार को गांव धौराटांडा में छापा मारा और यहां से मौलाना मोहम्मद उमैर को थाना भोजीपुरा लाकर पांच घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद एनआईए ने मौलाना को कहीं बाहर न जाने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
बेंगलुरू के रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को बम धमाका हुआ था जिसमें नौ लोग घायल हो गए थे। प्रारंभिक छानबीन में इस धमाके के पीछे आतंकी संगठन आईएसआईएस का हाथ होने की पुष्टि होने के बाद अब एनआईए इसकी जांच कर रही है। एनआईए की टीम ने मंगलवार को ही अलग-अलग राज्यों के 17 ठिकानों पर छापे मारे थे।
अब तक पांच लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। बुधवार को एनआईए की लखनऊ यूनिट की एक टीम बरेली पहुंची। यहां से भोजीपुरा के नायब तहसीलदार को साथ लेकर धौराटांडा में मौलाना मोहम्मद उमैर के घर पहुंची और उन्हें उठाकर थाना भोजीपुरा ले आई।
एनआईए की टीम थाने में एसएचओ के कक्ष में मौलाना से करीब पांच घंटे तक बेंगलुरू के रामेश्वरम कैफे में हुए बम धमाके के बारे में पूछताछ की। पूछताछ में कोई खास जानकारी न मिलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया लेकिन हिदायद दी गई कि पुलिस को बगैर बताए वह कहीं न जाएं। इंस्पेक्टर भोजीपुरा ने बताया कि मौलाना से एनआईए की टीम ने एकांत में पूछताछ की। उन्हें कुछ हिदायतें देकर छोड़ दिया गया है।
बेंगलुरू की मस्जिद में पढ़ाते थे नमाज, कई दिन से ढूंढ रही थी एनआईए
मौलाना मोहम्मद उमैर बेंगलुरू की एक मस्जिद में नमाज पढ़ाते थे। रामेश्वरम कैफे में बम धमाके के बाद वह वहां से अपने पैतृक गांव धौराटांडा चले आए। बताया जाता है कि यहां से वह विदेश जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी बीच टीम ने उन्हें उठा लिया।
पुलिस के मुताबिक एनआईए की टीम कई दिन से मौलाना की तलाश में थी, लेकिन उनकी लोकेशन नहीं मिल पा रही थी। बुधवार को उनके धौराटांडा की एक मस्जिद में मौजूद होने की पुष्टि होने के बाद आननफानन पहुंची टीम ने छापा मारकर उन्हें उठा लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
इसलिए शक... मौलाना की मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था आतंकी
सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला था कि रामेश्वरम कैफे में बम धमाका करने वाला आतंकी बेंगलुरू की ही एक मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। इसी मस्जिद में मौलाना मोहम्मद उमैर नमाज भी पढ़ाते थे। धमाके के बाद वहां से चले आने पर उनकी ओर शक की सुई घूमी थी। इसी वजह से एनआईए की टीम मौलाना से पूछताछ करने के लिए आई थी।
यह भी पढ़ें- Weather Update: 29 मार्च को बदलेगा मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी के आसार
