अयोध्या: सुरक्षा में सेंध लगा रहा रौनाही टोल प्लाजा का पास बना बाईपास, बिना कैमरे में नजर आए लोग सीधे पहुंच रहे रामनगरी!

टोल को बचाने में लोग ले रहे इस मार्ग का सहारा, अधिकारियों की लापरवाही रामनगरी के लिए बन सकती है खतरा!

अयोध्या: सुरक्षा में सेंध लगा रहा रौनाही टोल प्लाजा का पास बना बाईपास, बिना कैमरे में नजर आए लोग सीधे पहुंच रहे रामनगरी!

सोहावल, अयोध्या, अमृत विचार। लखनऊ-अयोध्या हाइवे पर बने रौनाही टोल प्लाजा का बना बाईपास रोड जिले की सुरक्षा में सेंध साबित हो सकता है। प्रतिदिन 3 से चार हजार वाहन टोल बचाने के लिए इस चोर रास्ते से गुजरते है।

लोगों के लिए यह सड़क मुफीद साबित हो रही है। जिससे होकर कोई भी वाहन बिना टोल पार किए कैमरे में आए हाइवे से होकर अयोध्या तक पहुंच रहा है। टोल पर जाल बिछाए सुरक्षा कर्मी बैठे के बैठे रह जाते हैं। 

एनएच 27 के इस टोल प्लाजा से पश्चिम करीब 400 मीटर पहले दक्षिणी ओर बनी जिला पंचायत की पक्की सड़क पूरे देवी तिवारी पुरवा को जाती है। इसी के मध्य में टोल के पूरब से निकल कर आई एक सड़क बाईपास के रूप में इस सड़क को जोड़ती है जो टोल से बचने वाले वाहनों के आने जाने वाले मार्ग के रूप में प्रयोग की जा रही है। 

इस चोर रास्ते पर आने जाने वाले वाहन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे है। चुनाव की आदर्श आचार संहिता भी इस बाईपास से खतरे में मानी जा रही है। पुलिस टोल पर अपना जाल बिछाए बैठी रहती है और गोरखधंधा करने वाले अपने वाहन सहित आसानी से निकल जाते है।

तीन से चार हजार वाहन इस मार्ग से रोज गुजर रहे है। काफी राजस्व की क्षति हो रही है लेकिन सार्वजनिक मार्ग होने से हम नही बंद कर पाते है। प्रशासन अनुमति देगा तो हम प्रबंध कर देंगे। 

                                                                                                        एसएस सिकरवार, टोल प्रबंधक

सुरक्षा और आचार संहिता का पालन कराना हमारी प्राथमिकता है। टोल प्रबंधन से बात की जाएगी आवश्यक हुआ तो कार्रवाई होगी। 

                                                              अशोक कुमार सैनी, उपजिला अधिकारी/ सहायक निर्वाचन अधिकारी

यह भी पढे़ं: Mukhtar Ansari Death News: मुख्तार अंसारी का काफिला बांदा से रवाना...गाजीपुर के इस कब्रिस्तान में होगा सुपुर्द-ए-खाक