लखनऊ: ओमप्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी की तारीफों में पढ़े कसीदे, कहा- वो गरीबों का मसीहा और क्रांतिकारी था 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने माफिया मुख्तार अंसारी की मौत पर भले अभी तक चुप्पी साथ रखी हो लेकिन आज उन्होने कहा कि मुख्तार अंसारी गरीबों का मसीहा था क्रांतिकारी था। जो गरीबों की मदद करेगा मजलूमों की मदद करेगा उसे अपराधी ठहरा दिया जाता है और यह होता रहता है। मुख्तार अंसारी गरीबों की मदद करता रहा है और लोग उसे गरीबों की मसीहा के रूप में जानते हैं और मैं भी यह बात पहले भी कही थी और अपने बयान पर कायम हूँ।

राजभर ने आज कहा है कि निश्चित है कि जब भी किसी गरीब कमजोर के ऊपर जुर्म ज्यादती होगी तो गरीबों के साथ जो खड़ा होगा तो निश्चित है कि उसको जुर्म करने वाला बचाने वाले को ही अपराधी बताया जाता है। अपराध करने वाला अपने को अपराधी नहीं बताता है कि गरीबों को क्यों सताता है। कोई अगर गरीबों की जमीन कोई गरीब के ऊपर अत्याचार किसी तरह की करें अब जैसे आप अगर चले जाइए जंगलों में कमजोर जंगल झाड़ी काट पीट करके जमीन बनाते हैं कब्जा करते हैं तो उनको वहां से हटा दिया जाता है। 

यही कारण है जब कोई उसकी मदद करता है तो उसको अपराधी घोषित किया जाता है। अब जैसे सोशल मीडिया में लोगों ने कहा है कि हमारी जान बचाई मेरी इज्जत लूटी जा रही थी लेकिन उसने मुझे बचाया है। ऐसे तमाम लोग उसके बारे में बातें कर रहे हैं। गरीबों की मदद किया है तो गरीब तो अपने को मसीहा मानेगा ही। गरीब की मदद करने में कोई दिक्कत तो नहीं है। मैं अपने बयान पर कायम रहता हूँ। मैंने क्रांतिकारी और मसीहा कहा था उस पर कायम हूँ। हम जो बोलते हैं सच बोलते हैं उसके सिवा कुछ नहीं बोलते हैं।

मुख्तार अंसारी की मौत मामले में जांच के सवाल पर राजभर ने कहा कि परिवार ने जांच की मांग की है जांच के आदेश भी हुए हैं सरकार जांच कर रही है।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर के इस बयान पर प्रतिक्रिया लेने के लिए जब पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी से संपर्क किया गया तो उन्होंने इससे अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

यह भी पढे़ं: अवध विवि. की स्नातक-परास्नातक आनलाइन परीक्षा फार्म भरने की तारीख घोषित, अभ्यर्थी 15 तक कर सकेंगे आनलाइन आवेदन

संबंधित समाचार