बरेली: 10 विभाग मिलकर संचारी रोगों का करेंगे नियंत्रण, एक अप्रैल से शुरू होगा अभियान
बरेली, अमृत विचार। संचारी रोग नियंत्रण के लिए जिले में एक अप्रैल से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। जिसको लेकर जिला अधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन में एक बैठक संपन्न की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर विश्राम सिंह ने बताया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण 01 अप्रैल 2024 से 30 अप्रैल 2024 तक एवं दस्तक अभियान दिनांक 10 अप्रैल 2024 से 30 अप्रैल 2024 तक चलाया जायेगा। जिसमें 10 विभाग मिलकर कार्य करेगें।
समस्त विभागों का कार्य एवं उत्तरदायित्व शासन द्वारा निर्धारित किया गया है। समस्त विभागों द्वारा माह अप्रैल में कार्ययोजना के अनुसार निर्धारित ग्रामों में उष्ण मौसम से सम्बन्धित रोगों (हीट रिलेटेड इलनेसेज) के विषय में संचारी रोगो से बचाव एवं जागरूकता से सम्बन्धित निम्न लिखित गतिविधि सम्पन्न की जायेगी।
जिला अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि समस्त ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत संहायकों का प्रशिक्षण शत प्रतिशत कराया जाये।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को संचारी रोगों से बचाव एवं साफ-सफाई की जानकारी प्रतिदिन प्रार्थना सभा में दी जायेगी तथा पेंटिंग प्रतियोगिता, निबन्ध लेखन आदि के माध्यम से जागरूक कार्यक्रम शुद्व पेय जल के विषय में जानकारी दी जायेगी।
अभियान के लिए जनपद के समस्त ग्रामों में कार्ययोजनानुसार नालियो की सफाई, झाडियों की कटाई, एण्टी लार्वा दवा का छिडकाव, जल भराव का निस्तारण, शुद्व पेय जल की व्यवस्था की जायेगी। इस कार्य हेतु समस्त ए0डी0ओ0 पंचायत को जिम्मेदारी दी गयी है।
स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास सेवा पुष्टाहार विभाग के समन्वय से समस्त ब्लॉको एवं ग्रामों में आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर, पम्पलेट्स वितरित कर एवं 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे जिन घरों में मिलते है उन घरों पर संचारी रोगों से बचाव का स्टीकर लगाया जायेगा।
साथ ही प्रत्येक घर पर जा कर मच्छर पनपने की परिस्थितियों को नष्ट करने व मच्छरों बचाव के विषय में जानकारी दी जायेगी। कुपोषित बच्चों का चिन्हिीकरण कर पुष्टाहार उपलब्ध कराया जायेगा। घर घर भ्रमण के दौरान आशा आंगनवाडी द्वारा बुखार के रोगियों की सूची, खांसी जुकाम के रोगियों की सूची, क्षय रोग ग्रसित लक्षणों वाल व्यक्तियो की सूची जांच हेतु तैयार कर यूडीएसपी पोर्टल पर अपलोड करेगी ।
एवं समस्त जनमानस को बुखार होने पर 102 व 108 एम्बुलेन्स केा प्रयोग के विषय में लोगों को जानकारी दी जायेगी। नोडल अधिकारी डॉ प्रशांत रंजन नें बताया कि आशा द्वारा समस्त घरों पर संचारी रोगों से बचाव की जानकारी के साथ-साथ समस्त जनमानस की आभा आईडी भी बनाकर उपलब्ध करायेंगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विश्राम सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी वी0बी0डी0 डा. प्रशांत रंजन, मण्डलीय सर्वेलेंस अधिकारी डॉ अखिलेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सत्येन्द्र सिंह, डी ऍम सी यूनिसेफ़ एवं शिक्षा विभाग, आई0सी0डी0एस0, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, जल संस्थान विभाग के विभागाध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों तथा समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया गया।
ये भी पढ़ें-बरेली: मौसम में तपिश बढ़ते ही ट्रेनों में पानी का संकट
