Bareilly News: मच्छरों से फैलने वाली ये हैं खतरनाक बीमारियां, इस तरह करें बचाव
बरेली, अमृत विचार। जनपद में होली के बाद मच्छरों का प्रकोप एकदम बढ़ गया है। जिसके कारण डेगूं, मलेरिया और चिकुनगुनिया, गैस्ट्रोएन्टराइटिस जैसी तमाम बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। जिसमें पिछले एक महीने में मलेरिया के 17 केस सामने आ चुके हैं। इससे बचाव करना बेहद जरूरी है।
ऐसे में हम मलेरिया विशेषज्ञ से जानते है कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के लक्षण और बचाव के तरीके क्या हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सत्येंद्र सिंह बताते हैं कि वर्तमान में डेंगू, मलेरिया का दौर शुरू हो गया है। अगर किसी भी सामान्य व्यक्ति को 4 से 5 दिन लगातार बुखार आए या 100 से 104 डिग्री तक बुखार रहे तो उसकी डेंगू और मलेरिया की जांच अवश्य कराएं।
वहीं अगर किसी मरीज को बुखार के साथ उल्टी जैसी समस्या हो तो सीधा अस्पताल में भर्ती कराएं। लेकिन डेंगू होने पर स्वयं किसी प्रकार का कोई उपचार न करें बल्कि विशेषज्ञ की सलाह से ही दवाइयों का सेवन करें। वहीं मच्छरों से बचाव के लिए ऐसे कपड़े पहने जो पूरे शरीर को ढककर रखें, इसके साथ ही सोते वक्त मच्छरदानी का उपयोग करें और मच्छरों का भगाने या मारने की दवाएं, तेल या अन्य चीजें भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
बीमारी के लक्षण व उपाय
मलेरिया- यह बीमारी फीमेल एनोफेलीज मच्छर के काटने से होती है। इससे पीड़ित व्यक्ति में बुखार, सिरदर्द, बदनदर्द, कमजोरी, चक्कर आना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इस बीमारी से बचने के लिए पूरा शरीर ढकने वाले कपड़े पहनने चाहिए। इसके अलावा अपने आस-पास साफ-सफाई का भी ध्यान रखें। घर के आस-पास जलभराव न होने दें। समय-समय पर मच्छरों को दूर रखने के लिए घर की नालियों के आस-पास कीटनाशक का स्प्रे भी करवाते रहें।
डेंगू- मच्छरों से होने वाली यह दूसरी गंभीर बीमारी है। डेंगू के पीड़ित मरीज को 100 डिग्री से अधिक बुखार आता है, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों में दर्द, सिरदर्द, रैशेज, मांस-पेशियों और ठंड लगना, कमजोरी, चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। डेंगू से पीड़ित व्यक्ति को ज्यादा से ज्यादा लिक्विड डाइट लेनी चाहिए। इसके अलावा इन लक्षणों के नजर आते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
चिकनगुनिया- एडिस नाम के मच्छर के काटने से चिकनगुनिया बीमारी होती है। इस बीमारी के लक्षण डेंगू से मिलते-जुलते होते हैं। यह मच्छर ज्यादातर दिन के समय काटते हैं। सिरदर्द, आंखों में दर्द, नींद न आना, कमजोरी, शरीर पर लाल चकत्ते बनना और जोड़ों में तेज दर्द इस बीमारी के लक्षण हैं। इस बीमारी से बचने के लिए घर के आस-पास सफाई रखें ताकि आपके आस-पास मच्छर न पैदा हो सकें।
ये भी पढे़ं- बरेली: मौसम में तपिश बढ़ते ही ट्रेनों में पानी का संकट
