Exclusive: NIC की वेबसाइट में तीनों एसडीएम के लिखे गलत नाम; खुद की सूची दुरुस्त नहीं, जिले को सुधारने का कर रहे दावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला छोड़ चुके अफसर, एनआईसी की वेबसाइट में फिर भी डटे

अजय मिश्र, कन्नौज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को डिजिटल बनाने का दावा कर रहे हैं। ज्यादातर सरकारी योजनाएं ऑनलाइन पहुंच गईं हैं। कई योजनाओं व कार्यों के लिए एनआईसी के बिना सहयोग उसे पूरा नहीं किया जा सकता है। दूसरी ओर एनआईसी की वेबसाइट ही लोगों को गलत जानकारी दे रही है। 

इसमें दिखाए जाने वाले कई अधिकारी जनपद में नहीं हैं या उनका प्रमोशन हो गया है। उसके बाद भी उनके नाम लिखे हैं। जिले की तीनों तहसीलों के एसडीएम का नाम गलत लिखा है। दो तहसीलदार भी पुराने ही दर्ज हैं। लोगों का कहना है कि खुद का काम दुरुस्त नहीं है और जनपद को सुधारने का दावा किया जा रहा है। 

कन्नौज जनपद की एनआईसी वेबसाइट में सदर एसडीएम पद पर अब भी गरिमा सिंह का ही नाम दर्ज है, उनको यहां से गए हुए कई महीने बीत गए हैं। वर्तमान में वह हरदोई में शाहाबाद तहसील में न्यायिक एसडीएम पद की जिम्मेदारी संभाल रहीं हैं। कन्नौज सदर के वास्तविक एसडीएम अविनाश गौतम हैं, उनका वेबसाइट में कहीं भी नामोनिशान नहीं है। 

खास बात यह है कि कई महीने पहले से ही वह एसडीएम पद की कमान संभाल रहे हैं। इसी तरह तिर्वा तहसील के एसडीएम पवन मीना (आईएएस) का जिक्र वेबसाइट में है, जबकि वर्तमान में वह फतेहपुर के सीडीओ हैं। उनका कई महीने पहले ही प्रमोशन व कन्नौज से तबादला हो गया था। तहसीलदार पद पर नवनीता राय का नाम लिखा है, जबकि वह पीसीएस रैंक पर प्रोन्नत हो चुकीं हैं। 

उनके पास एसडीएम न्यायिक सदर के अलावा सहायक अभिलेख अधिकारी का चार्ज है। वास्तविक रूप से तिर्वा तहसीलदार पद पर वर्तमान में अवनीश सिंह कार्य कर रहे हैं। छिबरामऊ तहसील के एसडीएम उमाकांत तिवारी हैं, लेकिन वेबसाइट में अशोक कुमार लिखा है। वर्तमान में अशोक कुमार तिर्वा के एसडीएम हैं। छिबरामऊ तहसीलदार पद पर अनिल सरोज अब भी काबिज हैं, जबकि उनका प्रमोशन और तबादला भी कई महीने पहले हो चुका है। तहसीलदार के रूप में छिबरामऊ में अभिनव कुमार की वास्तविक तैनाती है।

Unnao Exclusive 2

एएसपी का नाम भी गलत लिखा

एनआईसी की वेबसाइट में एएसपी संसार सिंह की बजाय एएसपी अरविंद कुमार का नाम अब भी लिखा है। जबकि कुछ महीने पहले ही उनका गैरजनपद तबादला हो चुका है। डीएम शुभ्रान्त शुक्ल व एडीएम आशीष सिंह और एसपी अमित आनंद के नाम जरूर सही दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- Unnao: गंगा मेला पर आयोजित कार्यक्रम में कवियों ने कविताओं से बांधा समां; श्रोताओं को किया मंत्र मुग्ध

 

संबंधित समाचार