प्रतापगढ़: मोबाइल पर कॉल कर सर्राफा कारोबारी से मांगी 40 लाख की रंगदारी, रकम नहीं देने पर दी जान से मारने की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रानीगंज  प्रतापगढ़ अमृत विचार। सर्राफा कारोबारी के मोबाइल पर कॉल कर 40 लाख रूपये की रंगदारी मांगी गई। रकम न देने पर पिता की तरह उसके भी हत्या करने की धमकी दी गई है। धमकी से व्यापारी परिवार समेत सहमा हुआ है।एक हफ्ते पहले व्यवसायी का बाइक सवार बदमाशों ने पीछा भी किया था। शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

रानीगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर चौहरी निवासी गोविंदा सोनी की प्रयागराज जनपद के मऊआइमा थानांतर्गत तिलई बाजार में सोने चांदी के आभूषण की दुकान है। शुक्रवार को दोपहर मे गोविंदा सोनी के मोबाइल पर कॉल आई कि 40 लाख रुपया दे दो नहीं तो उसके पिता की तरह हफ्ते भर के भीतर उसकी भी हत्या कर दी जाएगी। फोन कॉल पर मिली धमकी से गोविंदा सहम गया, परिजनों को बताया। 

शनिवार को मामले की जानकारी रानीगंज पुलिस को दी। बताया कि 22 मार्च को दुकान से वापस लौटते समय दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने पीछा किया था। किसी तरह जान बचाकर भाग लिया था।  एसओ रानीगंज आदित्य सिंह,सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के साथ शनिवार की शाम घटना की जांच करने व्यवसायी की दुकान मऊआइमा के तिलई बाजार पहुंचे।

2017 में कारोबारी के पिता को हत्या कर लूट लिए थे आभूषण

 गोविंदा सोनी के पिता बद्री प्रसाद सोनी  पहले तिलई बाजार में सर्राफा की दुकान चलाते थे। वर्ष 2017 में 9 अक्टूबर को प्रतापगढ़ से लौटते समय बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी और सोने चांदी के आभूषण लूट लिए थे। घटना के समय परिजनों को पुलिस प्रशासन की तरफ से शस्त्र लाइसेंस व सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन भी मिला था। वह आज तक पूरा नहीं हुआ,इस बात से व्यवसायी के परिजन आहत हैं।

यह भी पढ़ें: रायबरेली: जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण, अधीनस्थों को दिए अहम निर्देश

संबंधित समाचार