लखनऊ: किसान पथ मिला निजी स्कूल के चपरासी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
लखनऊ, अमृत विचार। चिनहट थाना अंतर्गत किसान पथ पर शुक्रवार देर रात निजी स्कूल में चपरासी सुनील रावत (40) का शव पड़ा मिला। शिनाख्त के बाद परिजनों ने पूछताछ कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका जताई है। जबकि पुलिस अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की बात कह रही है।
मूलरूप से बहराइच के पयागपुर निवासी सुनील रावत एक निजी स्कूल में चपरासी थे। साले कुलदीप ने बताया कि सुनील शुक्रवार सुबह भांजी से मिलने हजरतगंज बालू अड्डा आए थे। रात 10:30 बजे बहराइच जाने के लिए निकले थे। देर रात चिनहट के लौलाई गांव स्थित किसान पथ पर राहगीरों ने सुनील मरणासन्न हालत में पड़ा पाया।
इसके बाद राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। कुलदीप का कहना है कि पॉलिटेक्निक चौराहे से बहराइच के लिए बस मिलती है। वह किसान पथ पर कैसे पहुंच गए। वहीं पत्नी कविता ने हत्या के बाद शव को किसान पथ पर फेंके जाने की आशंका जाती है।
परिजनों ने मामले की जांच करने के लिए चिनहट थाने में लिखित शिकायत भी की है। प्रभारी निरीक्षक अवनीश चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूल के चपरासी की मौत होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
