रामपुर: फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहबाद, अमृत विचार। ढकिया चौकी क्षेत्र में अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतारा। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 

मामला गांव रुस्तमनगर-नटियाखेड़ा से जुड़ा है। गांव निवासी 41 वर्षीय इस्लाम उर्फ कल्लू ट्रैक्टर चलाता था। इसके पास फसल निकासी का कटर भी था। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने बेटे इमरान के साथ लाही निकालने अली गंज बरेली अपने रिश्तेदार के यहां गया था। रविवार सुबह लोगों ने खंजीपुरा-नादरगंज मार्ग पर शीशम के पेड़ से उसका शव लटका देखा। राहगीरों ने सूचना दी तो परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। मृतक की पत्नी चमन ने पति की हत्या का आरोप लगाया है। 

उसका कहना है कि शनिवार को इस्लाम बेटे से घर जाने की बात कहकर अली गंज से आ गया था। इसके बाद घर नहीं पहुंचा। किसी ने हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।- ओमकार सिंह, कोतवाल शाहबाद 

ये भी पढे़ं- रामपुर : सपा-कांग्रेस एक्सपायरी डेट वाली राजनीतिक पार्टियां, बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले केशव प्रसाद मौर्य

 

संबंधित समाचार