Kannauj: जुआरियों को छुड़ाने गए भाजपाइयों की पुलिस से झड़प...सिपाही ने पदाधिकारी से की हाथापाई, जानें- पूरा मामला
कन्नौज में जुआरियों को छुड़ाने गए भाजपाइयों की पुलिस से झड़प
कन्नौज, अमृत विचार। जुआरियों को छुड़ाने गए भाजपाइयों की सदर कोतवाली में पुलिस से झड़प हुई। बताया जाता है कि एक सिपाही ने भाजपा के पदाधिकारी से हाथापाई कर दी, जिस पर कार्यकर्ताओं ने देर रात तक हंगामा किया। पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
सदर कोतवाली के उपनिरीक्षक अजब सिंह ने ठकुराना मोहल्ले में एक खाली पड़े प्लाट में जुआ खेल रहे मोहल्ला कानून गोयान निवासी पवन मिश्रा, मोहल्ला सिपाही ठाकुर निवासी प्रथम सिंह, ठकुराना निवासी ओमजी, मोहल्ला चौहट्टा निवासी प्रवीण व गौरव मिश्रा को पकड़ लिया और कोतवाली ले आए।
जानकारी होने पर भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता रात में ही सदर कोतवाली पहुंच गए और प्रभारी निरीक्षक पर जुआरियों को छोड़ने का दवाब बनाया। पुलिस ने जुआरियों के पास से ताश की गड्डी और 2530 रुपये भी बरामद किए थे। इस पर कोतवाल ने बिना एफआईआर दर्ज किए छोड़ने से इन्कार कर दिया। इस पर भाजपाइयों की कोतवाल से बहस हो गई। उसी दौरान कोतवाल अपने आवास पर चले गए।
इसके बाद भाजपाइयों की एक सिपाही से बहस हो गई। बताया जाता है कि सिपाही ने भाजपा के एक पदाधिकारी से हाथापाई कर दी, जिस पर कार्यकर्ता भड़क गए और हंगामा किया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद सभी जुआरियों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक दिग्विजय सिंह ने बताया कि कुछ लोग बिना एफआईआर जुआरियों को छोड़ने की सिफारिश कर रहे थे। इस बात को लेकर हंगामा किया था। हाथापाई होने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें- कानपुर में धर्म परिवर्तन को जा रहे थे 100 से ज्यादा लोग; पुलिस ने पकड़ा, इस तरह धर्मांतरण का दिया था झांसा...
