बरेली: कंपनी में निवेश कराने के बहाने लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली की फूड कंपनी के अधिकारियों पर व्यापारी ने साढ़े सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राजेन्द्रनगर जगदीश विहार निवासी अंशुल अग्रवाल ने बताया कि वह अग्रवंशी इंटरप्राइजेज के मालिक हैं। वर्ष 2020 में उनके पास टेरेस्ट्रियल फूड कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक धीरेश यादव निवासी गोल्डन ग्रीन पार्क आए और कंपनी की तमाम योजनाएं बताईं। धीरेश के कहने पर उन्होंने उनकी कंपनी के उत्पाद पैक्ड फूड आर्टिकल्स, चिप्स, सोया आदि का आर्डर देकर 2.50 लाख रुपये जमा कर दिए। कुछ समय बाद कंपनी के क्षेत्रीय बिक्री अधिकारी गुरमीत सिंह निवासी स्लीपर रोड सीबीगंज आए और डिस्ट्रीब्यूशन का काम दे दिया।
दोनों के कहने पर उन्होंने कंपनी में पांच लाख रुपये जमा कर दिए। इसी दौरान लॉकडाउन लग गया। वह कंपनी का सामान बेचते रहे लेकिन बाद में सामान देना बंद कर दिया और दूसरे व्यक्ति को डिस्ट्रीब्यूटर बना दिया। इस पर उन्होंने कंपनी से अपने साढ़े सात लाख रुपये वापस मांगे तो धीरेश यादव, गुरमीत सिंह, मारवाड़ी गंज निवासी गौरव सिसौदिया डिपो इंचार्ज और कंपनी ने आनाकानी की।
ये भी पढ़ें- बरेली: गर्मी शुरू होते ही मंडी में आवक कम होने से बढ़े सब्जियों के दाम, कई चीजों के रेट में उछाल
