Chitrakoot: किशोरी का अपहरण...धमकाने का आरोप, पीड़िता ने चार पुलिसकर्मियों पर भी लगाए ये गंभीर आरोप
चित्रकूट में किशोरी का अपहरण का आरोप
चित्रकूट, अमृत विचार। कोतवाली थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक पीड़ित ने अपनी 17 वर्षीय किशोरी पुत्री का अपहरण कर बहला फुसलाकर साथ ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने मामले में अपहरण और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मामले में गांव के तीन सगे भाइयों संजय, रामरतन और रतनवा पर अपहरण और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में मनमाने तरीके से रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इस मामले में उसने जिले से बाहर जा चुके एक पुलिस अधिकारी व तीन पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के पिता के अनुसार 23 फरवरी को सुबह चार बजे आरोपी बहला फुसलाकर उसे अपने घर ले गया। आरोप है, कि सुबह जब खोजबीन करने पर बेटी घर पर नहीं मिली तब उसके घर जाकर पूछने पर उसकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। आरोप है, कि तीनों भाइयों से जानकारी करने पर डांट फटकार कर धमकी देते हुए भगा दिया । उनकी बेटी घर में रखे जेवर और 22 हजार रुपये नकद लेकर गई थी।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी संजय और उसके दोनों भाइयों ने सीतापुर के एक होटल में ले जाकर एक हफ्ते तक रखा और गैंगरेप किया। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था और आरोपियों पर अपहरण और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने जानबूझकर सामूहिक दुष्कर्म की धारा नहीं लगाई है। उसने जिले से बाहर जा चुके एक पुलिस अधिकारी और तीन पुलिसकर्मियों पर बयान बदलने का दबाव डालने का आरोप लगाया है।
साथ ही पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में कई और गंभीर आरोप पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मियों पर लगाए हैं। हालांकि जिन पुलिसकर्मियों पर पीड़िता ने आरोप लगाया है उनका कहना है कि आरोप पूरी तरह से गलत हैं।
होटल के सीसीटीवी फुटेज बनेगा अहम सबूत
किशोरी को जिस होटल में रखा गया था उसमें लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज इस मामले में अहम सबूत बनेगा। साथ ही विवेचना में ही यह बात सामने आएगी कि रजिस्टर में उसका नाम, पता, उम्र क्या दर्ज की गई है। कौन सा पहचान पत्र वहां जमा किया गया है।
