औरैया: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत...दो गंभीर घायल
औरैया, अमृत विचार। सोमवार की देर रात मुरादगंज-फफूंद मार्ग पर दो बाइकों की आपस में आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों बाइकों पर सवार कुल चार युवक घायल हो गए।
घायल अवस्था में चारों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने गोलू और मोहित को मृत घोषित कर दिया और अन्य दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव सलैया बखरिया निवासी मोहित कुमार (15 वर्ष ) पुत्र सुनील कुमार अपने गांव के रहने वाले शिवम ( 18 वर्ष ) पुत्र राजू के साथ बाइक से किसी काम से मुरादगंज जा रहे थे। जैसे ही वह मुरादगंज-फफूंद मार्ग पर पुरवा डोरी के सामने पहुंचे थे तभी मुरादगंज से सब्जी लेकर अपने घर जा रहे सचिन कुमार ( 18 वर्ष ) पुत्र अरुण कुमार और दिनेश बाबू उर्फ गोलू (22 वर्ष ) पुत्र मूल चंद्र निवासीगण रजौहापुर कोतवाली औरैया की बाइक में आमने सामने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और शिवम और मोहित बंबे में जा गिरे। वहां से गुजर रहे लोगों ने सड़क हादसा देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंबे से बाहर निकाल कर घायल अवस्था में चारों युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भिजवाया।
जहां डॉक्टरों की टीम ने दिनेश बाबू उर्फ गोलू निवासी शहबाजपुर और मोहित कुमार निवासी सलैया बखरिया को मृत घोषित कर दिया और सचिन और शिवम को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया।
मृतक दिनेश बाबू की गुजरात के सूरत में प्राइवेट नौकरी करता था और बीते चार फरवरी को उसकी जालौन जनपद के महातौली की प्रियंका के साथ हुई थी। दिनेश बाबू शादी के बाद से ही घर पर था। वह नौकरी पर नहीं गया था। दिनेश बाबू अपनी चार बहनों के बीच इकलौता भाई था।
कोतवाली प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि दो बाइकों की आमने सामने टक्कर हुई है। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई है। जबकि अन्य दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है। मृतकों का पंचनामा भरा जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Auraiya Crime: पुलिस मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार...गैंगस्टर मामले में 25 का था इनाम, दाहिने पैर में लगी गोली
