अयोध्या: पीएम मोदी के संवाद के बाद 954 परिवारों को बांटी ‘घरौनी’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। जमीनों के रिकॉर्ड खतौनी की तर्ज पर घर और आबादी के रिकॉर्ड के लिए शुरू घरौनी योजना में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाभार्थियों से ऑनलाइन संवाद किया। जनपद के मिल्कीपुर और रुदौली तहसील में आयोजित कार्यक्रम में 10 गांव के कुल 954 परिवारों को घरौनी सौंपी गईं। क्या है घरौनी …

अयोध्या, अमृत विचार। जमीनों के रिकॉर्ड खतौनी की तर्ज पर घर और आबादी के रिकॉर्ड के लिए शुरू घरौनी योजना में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाभार्थियों से ऑनलाइन संवाद किया। जनपद के मिल्कीपुर और रुदौली तहसील में आयोजित कार्यक्रम में 10 गांव के कुल 954 परिवारों को घरौनी सौंपी गईं।

क्या है घरौनी अर्थात स्वामित्व कार्ड
जमीनों की तर्ज पर मकान और आबादी के राजस्व रिकॉर्ड तैयार करने के लिए भारत सरकार की ओर से स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया गया है। केंद्र सरकार की इस योजना के तहत पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 6 राज्यों के 663 गांव में घरौनी निर्माण की योजना शुरू कराई गई थी। जनपद में पायलट फेज के तहत मिल्कीपुर तहसील के 5 गांव और रुदौली तहसील के 5 गांव के परिवारों की घरौनी अर्थात स्वामित्व कार्ड तैयार करने की कवायद शुरू हुई थी। आधुनिक तकनीकि से ड्रोन कैमरे से सर्वेक्षण कर इन संबंधित गांव में रहने वाले परिवारों के मकान और आसपास की आबादी का सर्वेक्षण किया गया और पूरा ब्यौरा इनकी घरौनी पर दर्ज किया गया।

पहले सुना पीएम का संवाद, फिर बांटीं घरौनी
स्वामित्व योजना के तहत घरौली कार्ड के वितरण के लिए पहले चरण में चुने के सभी क्षेत्रों में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन लाभार्थियों से संवाद किया। पीएम मोदी के उद्बोधन को विकास भवन स्थित एनआईसी में भी देखा गया। इस दौरान जिला अधिकारी अनुज कुमार झा, मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी पीडी गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पीएम के घरौनी कार्ड वितरण के ऑनलाइन कार्यक्रम के बाद मिल्कीपुर और रुदौली तहसील पर लाभार्थियों को घरौनी कार्ड का वितरण किया गया।

मिल्कीपुर में क्षेत्रीय विधायक गोरखनाथ ने तहसील क्षेत्र के चयनित गांव चकवारा, मऊ घनश्यामपुर, तुलापुर, अल्लापुर एवं कुंदुर्खा खुर्द के 533 परिवारों को घरौनी कार्ड वितरित किया। इस दौरान मिल्कीपुर एसडीएम एके शर्मा, तहसीलदार अरविंद त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी समेत तहसील कर्मी मौजूद रहे।

वहीं रुदौली में क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने तहसील क्षेत्र के चयनित गांव शाहपुर, सेलू मऊ, सलेमपुर, नेवाजपुर व चितईपुर के कुल 401 परिवारों को घरौनी का वितरण किया। रुदौली उप जिलाधिकारी विपिन कुमार सिंह, तहसीलदार प्रज्ञा सिंह, समेत तहसील के कर्मचारी अधिकारी मौजूद रहे।

जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि अगले चरण में जनपद की सभी तहसील क्षेत्रों में 40-40 गांव में सर्वेक्षण करवा कर घरौनियां तैयार की जाएंगी। स्वामित्व योजना से गांव में रहने वाले लोग आत्मनिर्भर बनेंगे और उनको अपनी आबादी के स्वामित्व का अधिकार मिलेगा। जिसके आधार पर वह बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त दीवानी न्यायालय में स्वामित्व संबंधी लंबित वादों के निस्तारण में भी घरौनी से मदद हासिल होगी साथ ही गांव में स्वामित्व संबंधी विवाद होने पर घरौनी देखकर स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान किया जा सकेगा।

संबंधित समाचार