मिर्जापुर: सपा प्रत्याशी ने अनुप्रिया पटेल पर साधा निशाना बोले-केवल परिवार के लोगों को आगे बढ़ाया
मिर्जापुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी आरएस बिंद ने मंगलवार को मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने के बाद नगर में पहुंचे। जहां जगह-जगह पर सपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सपा ने अनुप्रिया पटेल को टक्कर देने के लिए मिर्जापुर लोकसभा सीट से राजेंद्र एस बिंद को टिकट दिया है। सपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भी राजेंद्र एस बिंद प्रत्याशी घोषित किया था मगर बाद में टिकट काटकर राम चरित्र निषाद को मैदान में उतारा था। एक बार फिर सपा ने राजेंद्र एस बिंद पर भरोसा जताया है। आरएस बिंद ने पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता की। इस दौरान आरएस बिंद ने अनुप्रिया पटेल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि," अपना दल ने लोगों को मजबूत बनाने के बजाय जो सीटे उनके खाते में आई उसे अपने परिवार को दिया। भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद का आरोप लगाती है, लेकिन इसका जीता जागता उदाहरण उनके गठबंधन के साथी अपना दल एस में देखने को मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा बेरोजगारी इस कदर है मिर्जापुर में कोई उद्योग धंधा नहीं लगाया गया। पीतल उद्योग का काम होता था, लेकिन नोटबंदी और जीएसटी की वजह से वह भी बंद हो गया है। मिर्जापुर के लोगों ने अगर हमें मौका दिया तो हम उद्योगपति हैं। मिर्जापुर में फैक्ट्री लगाने का और मजदूरी के लिए बाहर जाने वाले लोगों को यही रोजगार उपलब्ध कराने का काम करेंगे। पुराने उद्योग धंधे जो बंद है उन्हें चालू करने का काम करेंगे। हलिया, लालगंज समेत कई जगह पानी की समस्या है जनता मौका देगी तो पानी की समस्या पर भी काम करेंगे।
