शाहगढ़ पीलीभीत रेलखंड: CRS ने 110 km प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन संचालन की दी अनुमति
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: रेल संरक्षा आयुक्त ने मैलानी पीलीभीत रूट पर शाहगढ़ पीलीभीत रेलखंड पर 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन संचालन की अनुमति दी है। इसका लेटर भी सोशल मीडिया पर वायरल है। वहीं विभागीय लोगों में ऐशबाग से पीलीभीत तक ट्रेन संचालन शुरू होन की सुगबुगाहट प्रारंभ हो गई है। सूत्र बताते हैं कि शुरुआत में तीन एक्सप्रेस, दो मेमू और एक पैसेंजर ट्रेन का संचालन पीलीभीत करने की योजना है। इंतजार सिर्फ रेलवे बोर्ड के आदेश है।
सीआरएस प्रणजीव सक्सेना ने 30 और 31 मार्च को शाहगढ़ से पीलीभीत तक ब्रॉडगेज के साथ विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था आरवीएनएल द्वारा कराए गए कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से सीआरएस स्पेशल दौड़ाकर ब्रॉडगेज की गुणवत्ता परखी।
सब कुछ ओके मिलने पर सीआरएस ने इस रेलखंड पर अधिकतम स्पीड 110 किलोमीटर से ट्रेन संचालन करने की स्वीकृत देकर रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दी है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि अब सिर्फ रेलवे बोर्ड से अनुमति मिलनी शेष है। हालांकि लखनऊ एवं इज्जतनगर मंडल के लोगों में ट्रेन संचालन की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। अंदरखाने विभागीय तैयारियों को देखकर दस से 15 दिन में ऐशबाग से पीलीभीत तक लोगों को ट्रेन से सफर करने की सौगात मिल सकती है।
एक्सप्रेस के साथ चलेगी मेमू
रेलवे के लोग बताते हैं कि पीलीभीत तक मैलानी गोरखपुर के अलावा दो अन्य एक्सप्रेस चलाई जा सकती है। इनमें साप्ताहिक भी हो सकती है। इसके अलावा एक पैसेंजर सहित दो मेमू को भी पीलीभीत तक चलाए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: ई-रिक्शा में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, 9 साल की बच्ची की मौत, 5 घायल
