Fatehpur Crime: फैक्ट्रीकर्मी का परिसर में बने कमरे में पड़ा मिला शव...परिजन बोले- जहर खिलाकर की गई हत्या
फतेहपुर में फैक्ट्री में कर्मी की संदिग्ध मौत हो गई
फतेहपुर, अमृत विचार। फैक्ट्रीकर्मी का शव परिसर में बने कमरे में पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने आरोप लगाते हुए फैक्ट्री मालिक सहित कई लोगों के खिलाफ पैसे के लेनदेन में जबरन जहर देकर हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई की बात कही है।
औंग थाना क्षेत्र स्थित एक मैदा फैक्ट्री में काम करने वाला कर्मी आशीष कुमार का शव फैक्ट्री में बने कमरे में पड़ा था। परिवार के लोग जब पुलिस को लेकर पहुंचे तो कमरे में आशीष के मुंह से झाग निकल रहा था और हाथ-पैर अकड़े हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई अमर सिंह निवासी कानपुर देहात ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया कि आशीष कुमार पिछले पांच साल से एमएलएमपी मैदा फैक्ट्री में काम करता था। दो अप्रैल की रात करीब नौ बजे फैक्ट्री मालिक विवेक राठी, अजय राठी, मैनेजर मदन दीक्षित, मिलर शोभा सिंह, रूम पार्टनर चन्द्र शेखर ने रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद में जहर देकर मार दिया है।
मृतक के एक और भाई सुशील कुमार पाल ने बताया कि भाई की शादी 22 अप्रैल को होनी थी। आशीष ने 31 मार्च और एक अप्रैल को फोन पर बताया था कि काम करने का चार लाख रुपए कैश मिल गया है और दो लाख रुपए मिलर से लेकर तीन अप्रैल के दिन घर पहुंच रहा हूं। दो अप्रैल की रात करीब दस बजे के आसपास बड़े भाई के फोन पर अज्ञात मोबाइल नंबर से मृतक की तबीयत खराब होने की बात कही गई।
लेकिन जब बुधवार सुबह वह पहुंचे तो फैक्ट्री मालिक सहित अन्य लोगों ने गाली गलौज कर चले जाने को कहा। फैक्ट्री मालिक या अन्य लोगों ने भाई के मरने की सूचना तक नहीं दी।
थानाप्रभारी कांति सिंह ने बताया कि शव को देखकर लग रहा है कि जहर दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के भाई ने फैक्ट्री मालिक सहित कई लोगों के खिलाफ जहर देकर मारने की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur Dehat: विद्युत पोल से भिड़ी रोडवेज बस...50 सवारियों को लेकर जा रही थी झांसी, ओवरटेक करने में हुआ हादसा
