Banda News: अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमे पर संघ ने प्रदर्शन कर मुकदमा स्पंज करने की मांग की
बांदा में अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमे पर संघ ने प्रदर्शन कर मुकदमा स्पंज करने की मांग की
बांदा, अमृत विचार। आज जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अशोक दीक्षित और महासचिव राम प्रकाश शिवहरे राजा की अगुवाई अधिवक्ताओं के समूह ने जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने बताया है कि संघ के अधिवक्ता पुष्कर द्विवेदी के खिलाफ जिला अस्पताल की एक स्टाफ नर्स व उसके सहयोगियों ने मिलकर फर्जी और मनगढ़ंत तरीके से धारा 354, 394, 353, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है और हड़ताल में धमकी देकर पुलिस प्रशासन पर बेजा दबाव बना रहे है।
बताया है कि अधिवक्ता श्री द्विवेदी अपने एक मरीज को देखने के लिए अस्पताल गए थे, जहां उनके साथ स्टाफ नर्स व उसके सहयोगियों ने अभद्रता की और हड़ताल की धमकी देकर फर्जी तरीके से गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया है। जबकि अधिवक्ता पर दर्ज मुकदमा पूरी तरह से फर्जी व उन्हें फंसाने का एक कुचक्र मात्र है।
अधिवक्ता संघ ने एसपी से मुलाकात कर मुकदमे को स्पंज करते हुए स्टाफ नर्स व उसके सहयोगियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग बुलंद की है। बताया है कि अस्पताल एक जीवन रक्षक स्थल है और यहां नेता, अधिवक्ता व पत्रकारों समेत सभी वर्गाें के लोगों की आमदरफ्त अक्सर बनी रहती है।
ऐसे में अस्पताल कर्मियों की कारगुजारियों पर पर्दा डालने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जाने से लोग असहज व भयभीत होंगे। अधिवक्ता संघ ने अस्पताल कर्मियों के दबाव व प्रभाव में दर्ज की गई एफआईआर को तत्काल स्पंज न किए जाने पर न्याय की लड़ाई के लिए अग्रिम कदम उठाने का अल्टीमेटम भी दिया है। इस मौके पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष व महासचिव समेत पूर्व महासचिव राकेश सिंह, पंकज चौबे, महेंद्र सिंह कछवाह, राकेश कुमार, संजय श्रीवास्तव समेत तमाम अधिवक्ता शामिल रहे।
