बरेली: छह हजार रुपये महीना पर दरोगा खुलेआम बिकवा रहा कच्ची शराब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। शहर और ग्रामीण इलाकों में कच्ची शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। जानकारी के बाद भी पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। इसकी वजह है कि शराब बेचने वाले लोग पुलिस कर्मियों को हर माह चढ़ावा चढ़ाते हैं। इस कारण ये लोग खुलेआम फड़ लगाकर शराब बेचते हैं। …

बरेली,अमृत विचार। शहर और ग्रामीण इलाकों में कच्ची शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। जानकारी के बाद भी पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। इसकी वजह है कि शराब बेचने वाले लोग पुलिस कर्मियों को हर माह चढ़ावा चढ़ाते हैं। इस कारण ये लोग खुलेआम फड़ लगाकर शराब बेचते हैं। आरोप है कि पूरे खेल को दरोगा के इशारे पर ही अंजाम दिया जा रहा है। रामगंगा क्षेत्र का एक ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ है।

कच्ची शराब के अलावा अन्य नशीले पदार्थ बेचना गैरकानूनी है। इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है लेकिन दोनों विभागों के कर्मचारियों की कथित तौर पर मिलीभगत के चलते यह धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा। रामगंगा क्षेत्र में कच्ची शराब फड़ लगाकर बेची जा रही है। पुल के नीचे कुछ लोग फड़ लगाकर शराब बेचते हैं। कम कीमत में शराब मिलने की वजह से यहां जमकर बिक्री होती है।

स्थिति यह है कि इस धंधे में लोगों ने बच्चों तक को उतार दिया है। बच्चे शराब की थैलियां सप्लाई करने का काम करते हैं। शराब बेचने वालों ने स्वयं बताया कि वे लोग हर माह चौकी पर छह हजार रुपये पहुंचाते हैं जिस वजह से पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। साथ ही झगड़ा होने पर पुलिस उनका ही साथ देती है। जहां अधिकारी अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की बात करते हैं वहीं, दूसरी ओर कर्मचारी ही शराब बेचने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते। सुबह से शाम तक यहां पर शराब खरीदने वालों की भीड़ जुटी रहती है।

“वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि आरोप सही हैं तो चौकी के दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सीओ को जांच दी गई है।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार