बरेली: सोमवार को परचम कुशाई से होगा उर्स ए रजवी का आगाज
बरेली,अमृत विचार। आला हजरत फाजिले बरेलवी का तीन रोजा 102 वा उर्स ए रजवी सोमवार (12 अक्टूबर) से शुरू हो जाएगा। इस बार सीमित संख्या में ही सज्जादागान व उलेमा शिरकत करेंगे। सभी कार्यक्रम दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) की सदारत में …
बरेली,अमृत विचार। आला हजरत फाजिले बरेलवी का तीन रोजा 102 वा उर्स ए रजवी सोमवार (12 अक्टूबर) से शुरू हो जाएगा। इस बार सीमित संख्या में ही सज्जादागान व उलेमा शिरकत करेंगे। सभी कार्यक्रम दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) की सदारत में अदा किए जाएंगे।
उर्स ए रजवी का आगाज बाद नमाज असर (शाम 5 बजे) उर्सगाह इस्लामियां गेट पर दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) के हाथों से परचम कुशाई के साथ तीन रोजा उर्स का आगाज किया जाएगा। आजम नगर में सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां अल्लाह बख्श को परचम सौपेंगे। रात नौ बजे ईशा की नमाज के बाद आल इण्डिया तरही नातिया मुशायरा सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सदारत में शुरू होगा। इसका मिसरा ए तरही ‘फरयाद उम्मती करे जो हाले जार में’ होगा। इसी रात 10.30 मिनट पर हुज्जातुल-ए-इस्लाम के कुल की रस्म अदा की जाएगी।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि इंग्लैंड से वर्ल्ड इस्लामिक मिशन के अल्लामा कमरुज्जमा आजमी व अल्लामा फरोग उल कादरी ऑनलाइन खिताब करेंगे। उर्स प्रभारी सय्यद आसिफ मियां को बनाया गया है। दरगाह से जुड़े शान रजा और आसिफ नूरी ने 100 मास्क तैयार कराए हैं।
दरगाह आला हजरत से मदरसा जामियातुर रजा तक तैनात रहेंगे वालंटियर
आला हजरत के 102वां उर्स ए रजवी का आगाज आज दरगाह ताजुशश्शरिया पर बाद नमाजे फजर कुरानख्वानी से हो जाएगा। रविवार को बाद नमाज ए जोहर जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उर्स प्रभारी सलमान मियां की सरपरस्ती में जमात रजा ए मुस्तफा के सभी शाखाओं के सदर व वालंटियर के साथ बैठक कर जिम्मेदारी बांटी गई। वालंटियर की 5-5 लोगों की टीमें बनाई गईं। ये टीमें दरगाह आला हजरत/दरगाह ताजुश्शरिया से मदरसा जामियातुर रजा तक तीनों दिन 24 घंटे तैनात रहेंगी।
जमात के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि जमात के वालंटियर को निर्देश दिए गए हैं। जैसे दरगाह आला हजरत, दरगाह ताजुश्शरिया, सिटी सब्जी मंडी, दूल्हा मियां का मजार, मिनी बाईपास, मदरसा जामियातुर रजा पर पुलिस और प्रशासन के साथ अपनी डयूटी करेंगे। बैठक में शाईबुद्दीन रज़वी, फैजान खान, आकिल रजा, डा. जफर खान, मौलाना अजीमुद्दीन अजहरी, अब्दुल्लाह रजा खां, मोईन खान, मौलाना शम्स रजा, मोईन अख्तर, बख्तियार खां, मौलाना सैफ अली कादरी, गुलाम हुसैन आदि रहे।
मदरसा जामियातुर रजा में पहले दिन का कार्यक्रम
जमात के प्रवक्ता समरान खान ने बताया सोमवार सुबह खानकाह ताजुश्शरिया पर बाद नमाज ए फजर कुरानख्वानी नात-ओ-मनकबत के बाद इब्राहिम रजा खां (जिलानी मियां) के कुल की रस्म सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर अदा की जाएगी। रात में बाद नमाज ए इशा नात ओ मनकबत व तकरीर उलमा-ए-इकराम के बाद हामिद रजा खां (हामिद मियां) के कुल की रस्म अदा की जाएगी।
