लखीमपुर खीरी: घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक सवार युवक ने महिला से किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विरोध करने पर पीटा, कपड़े फाड़े, पिटाई से महिला घायल   

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना व कस्बा नीमगांव बाजार में खरीदारी करने आई अनुसूचित जाति की महिला को एक युवक ने घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया और उसे गन्ने के खेत में ले गया, जहां उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो उसके साथ जमकर मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। आरोपी की पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।

थाना क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि वह गुरुवार को सामान खरीदने कस्बा नीमगांव आई थी। घर वापस जाते समय शाम करीब छह बजे चमन चौराहे पर गांव लखनियापुर निवासी हरिओम बाइक से आया और कहा कि वह उसके गांव जा रहा है। उसे भी घर पर छोड़ देगा। वह उसके झांसे में आ गई और बाइक पर बैठ गई। बाइक चालक जब गांव लखनियापुर के निकट पहुंचा तो माझा नगर की तरफ जाने वाले कच्चे मार्ग पर बाइक मोड़ दी और गन्ने के खेत के पास बाइक रोककर उसे खेत में ले जाने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी जमकर पिटाई की और दुष्कर्म किया। 

आरोप है कि उसके मुंह पर पेशाब कर दी। सोने का मटरमाला, टॉप्स और आठ हजार रुपये की नगदी लूट ली और भाग निकला। वह किसी तरह पड़ोसी गांव माझानगर पहुंची और दूसरे के मोबाइल से कॉल कर यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। इस पर यूपी 112 पुलिस और एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे सीएचसी बेहजम लाई और उपचार कराया। पीड़ित महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मारपीट व छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की है।

पीड़िता से उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ हुई है, जिसकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी कर चालान भेजा जाएगा-श्रद्धा सिंह. थानाध्यक्ष थाना नीमगांव।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: बिजली की चिंगारी से लगी आग से घर जलकर राख, महिला झुलसी 

संबंधित समाचार