Banda: विधायक ने आधा दर्जन गांवों और मोहल्लों का भ्रमण कर जानी समस्याएं...अबकी बार 400 पार का नारा किया बुलंद
बांदा में विधायक ने आधा दर्जन गांवों और मोहल्लों का भ्रमण कर जानी समस्याएं
बांदा, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर जिले में लाभार्थी जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता गांव-गांव, मोहल्लों-मोहल्लों जाकर सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थियों से संपर्क कर रहे हैं और उनकी समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं।
हमेशा जनसरोकार को सर्वोपरि रखते हुए अपने निजी आवास में नियमित जनता दरबार लगाने वाले सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी लाभार्थी जनसंपर्क अभियान में निकले और ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहर के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण कर लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। सदर विधायक ने महुआ मंडल के शिवहद, डोंगरी, अर्जुनाह, सरस्वाह, गढ़ीचांदपुर आदि के मजरों-पुरवों समेत शहर के मढ़ियानाका का भ्रमण किया।
विधायक ने लोगों के बीच मोदी-योगी सरकारों द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कहा कि भाजपा की सरकार आम आदमी की समस्याओं को दूर करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के जरिए गरीब तबके के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने लोगों के बीच उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, गरीब कल्याण और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न योजनाओं के संबंध में बताया। विधायक ने लोगों के बीच अबकी बार 400 पार-फिर एक बार मोदी सरकार का नारा बुलंद किया।
कहा कि देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनी तो भारत को विकास की नई ऊंचाईयां छूने से कोई भी ताकत रोक नहीं सकती है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह शैलू, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू, भाजपा नेत्री जागृति वर्मा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष बेटा लाल श्रीवास, अमरमणि तिवारी, मुन्नीलाल चौरसिया, सुधीर मिश्रा, ऋषि अवस्थी, संग्राम सिंह सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
