पीलीभीत: PM मोदी के आगमन पर सख्त होंगे इंतजाम, SPG ने डाला डेरा..पार्किंग और एंट्री गेट चिन्हित

पीलीभीत: PM मोदी के आगमन पर सख्त होंगे इंतजाम, SPG ने डाला डेरा..पार्किंग और एंट्री गेट चिन्हित

पीलीभीत, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ अप्रैल को शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में सभा करेंगे। इसकी तैयारी एक तरफ भाजपाई करा रहे हैं। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। एसपीजी ने शहर में डेरा डाल दिया है। सभा स्थल पर मंच और डी- एरिया का इलाका एसपीजी खुद संभाले हुए है। डी एरिया के अंदर प्रशासन के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति का प्रवेश अभी से प्रतिबंधित कर दिया है। हेलीपैड से लेकर सभास्थल तक सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के घरों का सत्यापन कराया गया है। इसके अलावा पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अफसरों ने अंतिम रूप दिया जा रहा है।  शनिवार को दो बार बैठक हुई। शाम को सभास्थल पर पहुंचकर अफसरों ने निरीक्षण भी किया।

प्रधानमंत्री मोदी पहली बार पीलीभीत आ रहे हैं।  इसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है। वह लोकसभा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के समर्थन में जनसभा करेंगे। प्रधानमंत्री का दौरा प्रस्तावित होने के बाद प्रशासन और भाजपा के पदाधिकारियों ने कई दिन पहले ये ही तैयारियां करना शुरु कर दिया था। शुक्रवार को जनसभा स्थल को लेकर  स्थिति भी स्पष्ट कर दी गई है। जनसभा ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में ही होगी। यहां से करीब डेढ़ किमी  दूरी पर मोमिनगंज गांव में खाली जगह आठ एकड़ जगह में हेलीपैड बनाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सभा स्थल पर मंच से लेकर हेलीपैड बनाने में 250 श्रमिक पिछले कई दिनों से कार्य कर रहे हैं। 

जमीन के समतलीकरण के लिए जेसीबी और पोकलेन लगी हुई हैं। ताकि किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। शुक्रवार को एसपीजी की टीम भी पीलीभीत पहुंची। टीम ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों संग बैठक कर सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत बातचीत की है।  इसके बाद जनसभा स्थल, हेलीपैड के अलावा शहर और जनसभा स्थल के आसपास वाले एरिया में निरीक्षण किया।  

सुरक्षा के चलते एलआईयू और स्थानीय पुलिस की टीमें सभास्थल के आसपास लगभग 250 से अधिक घरों का सत्यापन किया। घर में रहने वाले किरायेदारों की  भी विस्तृत जानकारी जुटाई।  इसके अलावा सभास्थल से लेकर हेलीपैड तक के रास्ते पर मौजूद सड़क किनारे मौजूद घरों का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही शनिवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों के संग सभास्थल पर पहुंचकर तैयारियों को देखा।

छह स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पुलिस ने पार्किंग की जगह को अंतिम रूप दे दिया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार  शहर के रामलीला मैदान,एलएच शुगर फैक्ट्री मैदान,माधोटांडा मार्ग पर क्रासिंग के पीछे,रामा इंटर कॉलेज और गांधी स्टेडियम को पार्किंग बनाया गया है। जहां पार्किंग की व्यवस्था दी गई है।  निर्धारित जगह में ही सिर्फ वाहनों को पार्क किया जाएगा।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: केजरीवाल पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने साधा निशाना, बोले- दिल्ली में जो भ्रष्टाचार मिटाने आए, वह खुद फंस गए