हल्द्वानी: निदा ने भी तोड़ा दम, पहले ही हो गई थी माता-पिता की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। माता-पिता की मौत के बाद निदा ने भी दम तोड़ दिया। निदा टांडा जंगल में हुए सड़क हादसे में घायल हुई थी। हादसे में कार पेड़ से टकरा गई थी और माता-पिता की मौके पर ही मौत हो गई थी। 

खेड़ा रुद्रपुर ऊधमसिंहनगर निवासी जहूर अहमद (50 वर्ष) पुत्र हबीब कबाड़ का कारोबार करते थे। बीती 4 अप्रैल को वह 48 वर्षीय पत्नी राशिदा और 24 वर्षीय बेटी निदा के साथ घर से नैनीताल में रहने वाले भाई के घर जा रहे थे। कार संख्या यूके 06बीडी 9333 पर सवार परिवार टांडा जंगल में एस मोड़ और बेलबाबा के बीच ही पहुंचा था कि तभी कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराई और जहूर व राशिदा की मौके पर ही मौत हो गई थी।

बुरी हालत में निदा को एसटीएच पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर परिजनों ने उसे नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में कराया था। रविवार को निदा की भी मौत हो गई। भोटियापड़ाव चौकी पुलिस ने पंचनामा भरा। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। 

संबंधित समाचार