नया भारत सीमाओं की रक्षा करना और नागरिकों को सुरक्षा देना जानता है: CM योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां कहा कि नया भारत अपने नागरिकों को सुरक्षा देना भी जानता है और अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना भी जानता है। इसके साथ ही योगी ने प्रश्न किया कि क्या आतंकवादियों को मारा जाना सही नहीं है। 

योगी ब्रिटेन के समाचार पत्र ‘द गार्जियन’ की खबर का जिक्र कर रहे थे जिसमें दावा किया गया है कि भारतीय खुफिया एजेंसियां 2019 के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति बढ़े दृष्टिकोण के तहत पाकिस्तान में लक्षित हत्याओं में शामिल थीं। 

राजस्थान के भरतपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ‘‘तीन दिन पहले ब्रिटेन के एक समाचार पत्र ने कहा था कि पाकिस्तान के अंदर 20 दुर्दांत आतंकवादी मारे गए हैं, और यह संभव है कि भारत ने उन्हें मारा हो। जो लोग कल तक उन आतंकियों को पनाह देते थे वे अब एयर स्ट्राइक के डर से भारत के खिलाफ कुछ भी बोलने की हिम्मत नहीं कर रहे हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘गार्जियन की रिपोर्ट और उसके स्त्रोत का आधार क्या है यह हम नहीं जानते.. लेकिन यह नया भारत है जो अपने नागरिकों को सुरक्षा देना भी जानता है और अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना भी जानता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत का सम्मान करती है। उन्होंने कहा, ‘‘सीमाएं सुरक्षित हैं, नक्सलवाद, उग्रवाद और आतंकवाद समाप्त हो गया है।’’ 

उन्होंने प्रश्न किया, ‘‘आतंकवादियों को मारा जाना चाहिए या नहीं? वे समाज पर बोझ हैं और सभी की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। कांग्रेस गरीबों को भूखा रखेगी लेकिन आतंकवादियों को बिरयानी खिलाएगी।’’ 

उन्होंने कहा ''अब भारत की सीमा के भीतर कोई भी आतंकवाद को बढ़ावा नहीं दे पाएगा।'' राजस्थान के दौंसा में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ''कांग्रेस पार्टी देश की सबसे बड़ी समस्या है और कर्फ्यू लगाना उसके डीएनए में है।'' भाजपा के स्टार प्रचारक ने कहा कि पिछले एक दशक में भाजपा सरकार ने देश में नक्सलवाद, आतंकवाद और कश्मीर में पत्थरबाजी को सफलतापूर्वक खत्म किया है। 

उन्होंने कहा, ‘‘परिणामस्वरूप, कश्मीर अब विकासात्मक पहल और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के साथ मिलकर प्रगति कर रहा है।’’ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा "कांग्रेस देश की समस्या है, जो समस्या उत्पन्न करती है जबकि मोदी समाधान देते हैं।’’ 

उन्होंने लोगो से भरतपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली और दौसा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा के समर्थन में मतदान करने तथा केंद्र में राजग की सरकार बनाने की अपील की। इसके बाद योगी ने रविवार को पार्टी उम्मीदवार स्वामी सुमेधानंद के समर्थन में सीकर निर्वाचन क्षेत्र में तीसरी रैली को भी संबोधित किया और मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। 

ये भी पढे़ं- Lok Sabha Election 2024: महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र बयानबाजी जारी, कंगना, हेमा और ममता बन चुकी हैं निशाना 

 

संबंधित समाचार