Unnao: ईद के त्योहार पर युवा कलरफुल लखनऊवा चिकन के तो बुजुर्ग सफेद कुर्ते कर रहे पसंद...बाजार में खरीदारों की भीड़

उन्नाव में युवा कलरफुल लखनऊवा चिकन के तो बुजुर्ग सफेद कुर्ते कर रहे पसंद

Unnao: ईद के त्योहार पर युवा कलरफुल लखनऊवा चिकन के तो बुजुर्ग सफेद कुर्ते कर रहे पसंद...बाजार में खरीदारों की भीड़

उन्नाव, अमृत विचार। ईद नजदीक आने से त्योहारी खरीदारी करने वालों ने बाजार की रौनक बढ़ा दी है। बाजार पहुंचने वाले जहां ईद के लिए नये कपड़े खरीद रहे हैं। वहीं महिलाएं क्राकरी सहित अन्य घरेलू सामान खरीद रही हैं। युवाओं में ईद पर स्टाइलिश दिखने की होड़ के चलते कलर फुल सूती सहित हाथ से कढ़े लखनऊवा चिकन के कुर्तों की खासी डिमांड है। इसी तरह महिलाएं भी परंपरागत परिधान व सैंडल आदि खरीदती दिख रही हैं। 

बता दें सीजन के लिहाज से सूती कपड़े अधिक आरामदेह साबित होते हैं। इस लिये ईद पर 250 से 2500 रुपये तक के कढ़ाई वाले लखनउवा चिकन सहित सूती कपड़ों के कुर्ते खूब बिक रहे हैं। कुर्ता कारोबारी सादिक अंसारी ने बताया कि युवाओं में मौसम के लिहाज से कंफर्ट फील कराने वाले सूती व चिकन के कुर्तों का इस समय अधिक क्रेज है। वह स्टाइलिश दिखने को कलरफुल कपड़े खासकर कुर्ते मांग रहे हैं। 

हालांकि बुजुर्गों की पसंद परंपरागत सफेद कुर्ते ही बने हुये हैं। वहीं बाजार पहुंचने वाली महिलाएं त्योहार पर घर आने वाले मेहमानों के सामने सिंवई सहित अन्य पकवान सजाने के लिये पहले क्राकरी दुकानों पर पहुंचकर पसंद आने वाली प्लेट, कटोरियां व गिलास आदि की पैकिंग कराती हैं। बाद में खुद व परिवार के अन्य लोगों खासकर बच्चों व बुजुर्गों के लिये भी कपड़ों की खरीदारी करती दिखती हैं। 

50 से 250 तक उपलब्ध हैं टोपियां 

ईद का जिक्र होते ही सुबह नमाज के समय पहनने के लिये टोपी का ख्याल जेहन में अपने आप आता है। समय के साथ युवा पीढ़ी टोपियां भी स्टाइलिश ही पसंद करती है। युवा बाजार में सजी टोपियों की दुकानों पर जाकर अपनी पसंद की टोपी ले रहे हैं। बाजार में 50 से 250 रुपये तक की टोपियां उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़ें- Chaitra Navratri 2024: नवरात्र के प्रथम दिन देवी मंन्दिरों में श्रद्वालुओं की भीड़ उमड़ी...लोगों ने घरों में कलश स्थापना की