Unnao News: हाइड्रोलिक मशीन का बकेट टूटने से गिरा कर्मी...इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने पालिका में किया हंगामा
उन्नाव में पालिका कर्मी की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट फोरलेन स्थित गोपीनाथपुरम में रोड लाइट की मरम्मत के दौरान मंगलवार दोपहर एक पालिका संविदा कर्मी हाइड्रोलिक मशीन के बकेट टूटने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। एक निजी अस्पताल में बुधवार उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर पालिका का घेराव कर हंगामा काटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के ऋषि नगर निवासी सरवन कुमार (48) नगर पालिका गंगाघाट में संविदा सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने साथी गोरेलाल, प्रवीण, अमर, जीतेन्द्र, शिवा और हाइड्रोलिक ट्राली के चालक संजय के साथ गोपीनाथपुरम स्थित फोरलेन पर खराब रोड लाइट ठीक करने गया था।
जहां सरवन हाइड्रोलिक ट्राली के बकेट में बैठकर खंभे के ऊपरी हिस्से में पहुंचा और रोड लाइट की मरम्मत करने लगा, तभी अचानक हाइड्रोलिक ट्राली की बकेट टूट गयी। जिससे सरवन बीस फिट ऊपर से नीचे जमीन पर आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख साथी कर्मी दौड़े और उसे में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बुधवार सुबह सरवन की इलाज के दौरान मौत हो गयी। मौत की सूचना पर परिजन और साथी कर्मी नगर पालिका गंगाघाट पहुंचे और हंगामा काटना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची गंगाघाट कोतवाली पुलिस नेे आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। सूचना पर पहुंचे पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडे और ईओ मुकेश कुमार मिश्रा से परिजनों की बातचीत चल रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur: फूफा मुझे बचा लो...जो पैसे लेंगे वह मैं आपकों ट्रांसफर कर दूंगा...साइबर ठग ने कुछ इस तरह खाते से पार की रकम
