अमरोहा: सकुशल सम्पन्न हुई ईद की नमाज, ड्रोन से रखी गई नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा। जिले में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। अकीदत के साथ ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई। नमाजियों ने देश में खुशहाली, अमन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सतर्क रहे।

ईद-उल-फितर के मौके पर जिले भर में लोगों में उत्साह का माहौल रहा। गुरुवार सुबह छह बजे से ही नमाजियों ने ईदगाह में पहुंचना शुरू कर दिया। नमाजियों से ईदगाह खचाखच भर गई। करीब सुबह 7:30 बजे ईदगाह पर मुफ्ती मोहम्मद आसिम ने ईद की नमाज अदा कराई।

इसके अलावा जामा मस्जिद अमरोहा में मुफ्ती मोहम्मद रिफाकत, शाही चबूतरा में मुफ्ती शाहिद हुसैन, शिया जामा मस्जिद में मौलाना अहसान अख्तर सरोज ने नमाज पढ़ाई। नमाजियों ने जहां मुल्क और कौन की तरक्की की दुआ की। वहीं उलमाओं ने भी दीन के रास्ते पर चलकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। ईदगाह पर मुफ्ती मोहम्मद आसिम ने अपील करते हुए कहा कि गरीबों के साथ ईद की खुशियां बांटे।

आगे कहा कि ईद हमें इस बात की भी तालीम देती है कि हम अपने रब की रजा की खातिर इबादत करें। इस दौरान कड़े सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहे और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। नमाज के समय ईदगाहों की ओर जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक का संचालन भी रोक दिया गया। नमाज के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हुआ। सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी।

जिलाधिकारी-पुलिस अधीक्षक रहे मौजूद,  दी ईद की बधाई
अमरोहा, अमृत विचार : ईदगाह पर जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी व पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह मौजूद रहे। जब तक नमाज सकुशल संपन्न हुई तब तक दोनों अधिकारी मौजूद रहे। नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने अधिकारियों से मिलकर ईद की बधाई दी। इस दौरान बच्चे भी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिले।

राजनैतिक लोगों ने दी ईद की बधाई
अमरोहा, अमृत विचार : ईदगाह पर नमाज के बाद सदर विधायक महबूब अली ने लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी। पूर्व एमएलसी परवेज अली ने भी गले मिलकर ईद की बधाई दी। इस दौरान वहां मौजूद पूर्व पालिकाध्यक्ष अतुल जैन, निखिल जैन, ईओ डॉ. बृजेश सिंह, बसपा  प्रत्याशी मुजहिद खां, कांग्रेस प्रत्याशी दानिश अली ने भी लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी।

वहीं, गांव कांकर सराय में कैलसा बाइपास स्थित ईदगाह में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे ईद-उल-फितर की नमाज अमन के साथ अदा की गई। हाफिज अंसार अली ने नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद मुल्क, कौम और फिलिस्तीन के मुसलमानों के लिए दुआ मांगी। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। गांव की कई मस्जिदों में भी ईद की नमाज हुई। गांव अफजलपुर में अमरोहा-डिडौली मार्ग स्थित ईदगाह में भी नमाज पढ़ी गई।

ये भी पढ़ें- अमरोहा : प्रेमिका से मिलने पहुंचा मजदूर तो परिजनों ने पकड़ा, जमकर की धुनाई...वीडियो वायरल

संबंधित समाचार